“तेरा राज्य आए।” लूका 11:2
परमेश्वर का राज्य आज तक के या भविष्य के किसी भी सांसारिक साम्राज्य से बहुत अलग है। सांसारिक साम्राज्य उन हाकिमों के अधिकार में होते हैं, जिनकी शक्ति सीमित होती है और निस्सन्देह घटती जाती है। परन्तु परमेश्वर का राज्य किसी भू-राजनीतिक इकाई या इतिहास के किसी हिस्से से कहीं अधिक है। वह सदाकाल का है, सार्वभौमिक है और व्यक्तिगत है, और अपने इस राज्य पर उसका प्रभुत्व सब पीढ़ियों तक बना रहेगा (भजन 145:13)।
जब हम प्रार्थना करते हैं कि “तेरा राज्य आए” तो हमें इन सच्चाइयों को ध्यान में रखना चाहिए। जब हम यीशु के उदाहरण का अनुसरण करते हुए इस प्रकार से प्रार्थना करते हैं, तो वास्तव में हम जो माँग रहे होते हैं उनमें से एक बात यह भी होती है कि परमेश्वर का सम्प्रभु प्रभुत्व हमारे हृदयों और जीवन में अधिकता से स्थापित होता जाए। हम यह प्रार्थना कर रहे होते हैं कि जो मसीह को जानते हैं वे उसके प्रभुत्व के प्रति बढ़ती हुई आनन्दमय अधीनता में रहने पाएँ।
जिन वैश्विक-दृष्टिकोणों का हम प्रतिदिन सामना करते हैं, यह उनसे बहुत अलग है। अधिकांशतः, आज की पश्चिमी संस्कृति व्यक्तिगत उपलब्धि और आत्मनिर्भरता की प्रशंसा करती है। हमें यह मानने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है कि सब कुछ हमारे नियन्त्रण में हैं। किन्तु जब परमेश्वर का राज्य हमारे जीवन में आ जाता है, अर्थात् जब हम यीशु से प्रार्थना करते हैं कि वह हमारे हृदय के सिंहासन पर अपना यथोचित स्थान ग्रहण करे, तब एक महत्त्वपूर्ण परिवर्तन घटित होता है। हम अब पाप के दासत्व में नहीं रह जाते। सृष्टि का राजा हमारे जीवन में वास करने लगता है और वह हमें अपने पुत्र के स्वरूप के अनुरूप बनाना आरम्भ कर देता है (रोमियों 8:29)। जब हम इस प्रकार से प्रार्थना करते हैं, तो पवित्र आत्मा हमारे जीवन के प्रत्येक आयाम पर परमेश्वर के शाही प्रभुत्व की स्थापना करने के द्वारा हमारी सहायता करने लगता है।
इतना ही नहीं, जब हम प्रार्थना करते हैं कि “तेरा राज्य आए,” तब हम यह भी स्वीकार रहे होते हैं कि परमेश्वर देश-देश पर राजा है, अर्थात् वह वर्तमान समय की सभी बातों पर प्रभुत्व करता है। यशायाह इस प्रकार वर्णन करता है कि परमेश्वर दूर-दूर की जातियों को “सीटी बजाकर पृथ्वी के छोर से बुलाएगा; देखो वे फुर्ती करके वेग से आएँगे!” (यशायाह 5:26)। यह राजा दूर-दूर की जातियों को इस प्रकार बुलाता है, जैसे हम अपने पालतू कुत्ते को अन्दर आने के लिए बुलाते हैं। जब वह सीटी बजाता है, तो वे उसकी आज्ञा का पालन करने के लिए दौड़ पड़ते हैं।
तो फिर हमें सांसारिक शक्तियों में होने वाले किसी भी फेरबदल से घबराने या सब कुछ अपने नियन्त्रण में रखने की आवश्यकता नहीं है। इसके विपरीत, हम प्रभु में, अर्थात अपने राजा में आनन्दित रह सकते हैं, जो इन सभी बातों पर सम्प्रभु है।
उसका राज्य कभी विफल नहीं हो सकता,
वह पृथ्वी और स्वर्ग पर राज्य करता है;
मृत्यु और नरक की कुंजियाँ
हमारे यीशु को दी गई हैं: अपना भरोसा परमेश्वर में रखो,
अपनी आवाज़ उठाओ!
आनन्दित हो, मैं फिर कहता हूँ, आनन्दित हो! [1]
भजन संहिता 2