3 जुलाई : प्रोत्साहन का पुत्र

Alethia4India
Alethia4India
3 जुलाई : प्रोत्साहन का पुत्र
Loading
/

“यरूशलेम में पहुँचकर उसने (पौलुस ने) चेलों के साथ मिल जाने का प्रयत्न किया; परन्तु सब उससे डरते थे, क्योंकि उनको विश्‍वास न होता था, कि वह भी चेला है। परन्तु बरनबास ने उसे अपने साथ प्रेरितों के पास ले जाकर उनको बताया कि इसने किस रीति से मार्ग में प्रभु को देखा, और उसने इससे बातें कीं; फिर दमिश्क में इसने कैसे हियाव से यीशु के नाम से प्रचार किया।” प्रेरितों 9:26-27

1960 के दशक की एक सन्ध्या, एक असंयमित हिप्पी सैन फ्रांसिस्को के तट के पास स्थित एक बहुत बड़े और प्रतिष्ठित चर्च में आया। जब वह अन्दर आया, तो किसी भी परिचारक ने उसका स्वागत नहीं किया। चर्च पूरी तरह भरा हुआ था, और जब उसने सीट खोजने के लिए पंक्तियों को देखा, तो कोई भी अपनी जगह से नहीं हिला—इसलिए वह आगे बढ़ता गया। अन्ततः, जब उसे कोई सीट नहीं मिली, तो वह पूरे चर्च के आगे तक चलते हुए गलियारे के ठीक बीच में पालती मार कर बैठ गया। उसी समय, चर्च के सबसे वरिष्ठ डीकन—जो एक छोटे कद के व्यक्ति थे, तीन-पीस सूट पहने हुए और टाई में पिन लगाए हुए—पीछे से उसकी ओर बढ़ने लगे। वह सीधा उस युवक के पास पहुँचे—और उसके बगल में जमीन पर बैठ गए!

वह डीकन एक “बरनबास” था। 500 लोगों के समूह में से केवल एक बरनबास ने एक नए विश्वासी के जीवन में सब कुछ बदल दिया।

जब पौलुस मसीह में नया विश्वासी बना, तो उसके पास भी कोई जगह नहीं थी जहाँ वह जा सके। यरूशलेम के विश्वासी उससे डरते थे और सन्देह करते थे कि क्या वह सचमुच बदल गया है। इस महत्त्वपूर्ण समय में पौलुस को किसी की ज़रूरत थी जो उसे प्रोत्साहित करे, उसका मार्गदर्शन करे, और उसे कलीसिया से परिचित कराए। इस कार्य के लिए परमेश्वर ने एक साधारण व्यक्ति को चुना, जिसे वह पहले से तैयार करता आ रहा था। यह व्यक्ति साइप्रस का रहने वाला था, जिसकी धार्मिक पृष्ठभूमि बहुत समृद्ध थी और जिसे उसके जानने वालों ने एक नया नाम दिया था: बरनबास, जिसका अर्थ है “प्रोत्साहन का पुत्र” (प्रेरितों 4:36)।

बरनबास का यही गुण—उसका प्रोत्साहित करने वाला स्वभाव—पौलुस के जीवन में प्रभावशाली बना। पवित्रशास्त्र हमें यह नहीं बताता कि बरनबास ने पौलुस को किसी स्थान की ओर निर्देशित किया, उसे कोई नक्शा दिया, या किसी और से मिलने का सुझाव दिया। नहीं, बल्कि यह हमें इन अद्‌भुत शब्दों में बताता है: “परन्तु बरनबास ने उसे अपने साथ प्रेरितों के पास ले जाकर उनको बताया” (प्रेरितों 9:27)। जब आप किसी को वहाँ ले जाते हैं जहाँ उसे जाना चाहिए, तो इसके लिए समय, परिश्रम और आपकी योजनाओं में बदलाव की आवश्यकता पड़ती है। जहाँ कई लोग परवाह नहीं करते, वहाँ बरनबास ने कदम बढ़ाया।

बरनबास पौलुस की पहली मिशनरी यात्रा में उसका साथी बना (प्रेरितों 13:1-3)। न केवल पौलुस के मसीही जीवन की आरम्भ बल्कि अन्यजातियों के बीच उसकी गवाही का आरम्भ भी इस गुमनाम नायक के योगदान से ही सम्भव हुआ। केवल स्वर्ग में ही यह पूरी तरह स्पष्ट होगा कि पौलुस की सेवकाई की कितनी सफलताएँ परमेश्वर द्वारा उसके जीवन में बरनबास को लाने के कारण आईं।

हमारी कलीसियाओं को बरनबास जैसे लोगों की आवश्यकता है—ऐसे लोग जो इस प्रकार की करुणा को दर्शाते हैं, जो समय और प्रयास लगाते हैं और अपनी योजनाओं को पुनः व्यवस्थित करते हैं, ताकि नए या संघर्ष कर रहे लोगों तक पहुँच सकें और उनका स्वागत कर सकें। हाँ, यह सच है कि कई मण्डलियों में ऐसे लोग मौजूद हैं; कलीसिया हर सप्ताह ऐसे पुरुषों और महिलाओं के कारण आगे बढ़ती रहती है, जो यह समझते हैं कि उनके दिनों में कोई भी क्षण महत्त्वहीन नहीं है। कोई भी मुलाकात संयोग से नहीं होती। कोई भी व्यक्ति अप्रासंगिक नहीं होता। कोई भी कार्य तुच्छ नहीं होता।

हर कलीसिया को ऐसे लोगों की ज़रूरत होती है, जो आवश्यक कार्य करने के लिए तैयार हों—जो किसी को वैसे ही “अपने साथ लेकर जाएँ” जैसे बरनबास पौलुस को लेकर गया। क्या आप वह व्यक्ति होंगे?

प्रेरितों 4:32-37

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: व्यवस्थाविवरण 19–21; प्रेरितों 5:1-21a ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *