“देखो, फरीसियों के खमीर और हेरोदेस के खमीर से चौकस रहो।” मरकुस 8:15
यह विचार अत्यन्त गम्भीर और मन को झकझोरने वाला है कि कितने ही लोगों ने प्रभु यीशु को देखा, उसका वचन सुना, उसके अद्भुत कार्यों को अपनी आँखों से देखा—और फिर भी विश्वास नहीं किया।
जिस दिन उन्होंने देखा कि उसने कुछ रोटियों और मछलियों से चार हज़ार लोगों को तृप्त किया—और इस प्रकार अपने को वह परमेश्वर प्रगट किया जो मरुभूमि में अपनी प्रजा की आवश्यकताओं को पूरा करता है (मरकुस 8:1–10; निर्गमन 16 देखें)—उसी दिन फरीसी उससे “स्वर्गीय चिह्न” माँगने लगे (मरकुस 8:11)। इसके उत्तर में यीशु ने अपने चेलों को यह चेतावनी दी, “फरीसियों के खमीर और हेरोदेस के खमीर से चौकस रहो।”
फरीसियों की पहचान थी कपट और हेरोदेस की पहचान थी शत्रुता। फरीसी अपने धार्मिक घमण्ड को पकड़ कर रखना चाहते थे कि उन्होंने परमेश्वर की आशीष पाने का अधिकार कमा लिया है, इसलिए उन्हें उद्धारकर्ता की कोई आवश्यकता नहीं थी। हेरोदेस अपनी प्रजा पर अपनी सत्ता और प्रभाव को बनाए रखना चाहता था, इसलिए उसके जीवन में उस राजा के लिए कोई स्थान न था जो वास्तव में राज्य करने आया था। इस कारण वे सत्य के प्रति अन्धेपन में प्रतिबद्ध हो गए थे। उन्होंने यह विश्वास करने या समझने से जानबूझकर इनकार कर दिया कि यीशु कौन है। उनके हृदय की यह दशा थी: मैं जानना ही नहीं चाहता कि यीशु का क्या अर्थ है, और मैं निश्चित रूप से उसे अपना उद्धारकर्ता या राजा स्वीकार नहीं करूँगा। यीशु ने हमें उस मनोवृत्ति के विरुद्ध सावधान किया, क्योंकि अविश्वास का थोड़ा-सा खमीर भी सम्पूर्ण जीवन को प्रभावित कर सकता है।
जब घमण्ड अपना भद्दा सिर उठाता है, तब वह हमें इस दिशा में ले जाता है कि हम परमेश्वर के वचन से सीखने के बजाय उसमें खोट ढूँढने का प्रयास करने लगते हैं। और जब हम परमेश्वर के वचन में खोट ढूँढने की भूमिका में खड़े हो जाते हैं, तब जो बात हमें मामूली और तुच्छ लगती है, अर्थात सत्य में किया गया छोटा सा परिवर्तन, तो वह खमीर बनकर हमारे सम्पूर्ण विश्वास को प्रभावित करने लगता है।
यीशु हमें यह चुनौती देता है कि हम उसे उस रूप में स्वीकार करें जैसा वह है—हमारे पापों से हमें बचाने वाला उद्धारकर्ता और हमारे सम्पूर्ण जीवन पर राज्य करने वाला राजा। वह बार-बार धैर्यपूर्वक हमें स्मरण दिलाता है कि वह कौन है। उसकी यह चुनौती भविष्यदर्शी और पितृत्व पूर्ण होने के साथ-साथ स्पष्ट और प्रेममय भी है।
हमें मसीह के कार्य की आवश्यकता है, जिससे हम घमण्ड के खमीर से मुक्त हो सकें। यह परमेश्वर के आत्मा का कार्य है जो हमें यीशु को पहचानने और समझने में सहायता करता है। यही कारण है कि बहुत से लोग बाइबल को पढ़ते हैं और फिर भी कुछ नहीं देख पाते; सुसमाचार को सुनते हैं और फिर भी कुछ नहीं समझ पाते। जब तक हमारी समझ की आँखें नहीं खुलतीं और आत्मा के कान नहीं खुलते, तब तक हम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। परन्तु हर वह दिन जब परमेश्वर का आत्मा हमें यीशु की महिमा को दिखाता है, और हमें इस कटु सत्य की याद दिलाता है कि उसके बिना हम खोए हुए हैं, तब हमारा मन और हृदय एक नया गा सकते हैं:
मुझे नहीं पता कि आत्मा कैसे मनुष्यों को पाप का बोध कराता है,
वचन के द्वारा यीशु को प्रकट करता है, और उसमें विश्वास उत्पन्न करता है।
परन्तु मैं जानता हूँ कि मैंने किस पर विश्वास किया है और मुझे पूरा विश्वास है कि वह सामर्थी है।[1]
फरीसियों और हेरोदेस के खमीर का प्रतिरोधक आत्मा का कार्य ही है। इसलिए अपने आप को इतना घमण्डी न समझें कि आपको उसकी आवश्यकता नहीं है। प्रार्थना करें कि आज वह आपको अपने वचन में से यीशु को पुनः प्रकट करे, ताकि आप अपने उद्धारकर्ता और राजा की आराधना अपने सम्पूर्ण जीवन से कर सकें।
लूका 18:9-14
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: जकर्याह 5–8; लूका 23:1-25 ◊
[1] डैनियल वैबस्टर व्हिटल, “आई नो हूम आई हैव बिलीव्ड” (1883).