“वह यह सुनकर कि यीशु नासरी है, पुकार-पुकार कर कहने लगा, ‘हे दाऊद की सन्तान, यीशु मुझ पर दया कर!’” मरकुस 10:47
अंधा बरतिमाई पूरी तरह अंधकार में बैठा था। वह चलने-फिरने की आहट, भीड़ की आवाज़ें और लोगों की बातों का शोर सुन सकता था। वह उस हंगामे को सुन सकता था जो यह संकेत दे रहा था कि नासरत का यीशु अंधेरे में कहीं पर है, लेकिन वह उसे देख नहीं सकता था।
यह महसूस करते हुए कि उसके पास यीशु का ध्यान खींचने का केवल यही एक मौका हो सकता है, उसने व्याकुल होकर शोर मचाया, “हे दाऊद की सन्तान, यीशु मुझ पर दया कर!”
बरतिमाई की प्रार्थना की सादगी और स्पष्टता उसके विश्वास की गवाही थी; यह इस बात का संकेत था कि वह सचमुच विश्वास करता था कि यीशु वह कर सकता है, जो वह उससे माँग रहा था। परमेश्वर की कृपा से अंधे बरतिमाई ने वह देखा जो अनगिनत लोग नहीं देख पाए थे: उसने देखा कि यीशु में वह परमेश्वर की दया पा सकता है। और जब यीशु ने उसकी ज़रूरत का समाधान किया, तो बरतिमाई और इस आश्चर्यकर्म को देखने वाले लोग समझ गए कि उसका विश्वास ही उसकी चंगाई का कारण था। लेकिन बरतिमाई ने यह गलती नहीं की कि केवल उसकी शारीरिक दृष्टि ही उसकी असली जरूरत थी। यही कारण था कि जैसे ही उसे यीशु से दृष्टि मिली, वह “मार्ग में उसके पीछे हो लिया” (मरकुस 10:52)।
इस आश्चर्यकर्म में हम पूरे सुसमाचार का एक सूक्ष्म रूप देखते हैं। बाइबल मनुष्यों की वास्तविक स्थिति का वर्णन करने के लिए अक्सर अंधेपन का उपयोग करती है। उदाहरण के लिए, प्रेरित पौलुस कहता है, “उन अविश्वासियों के लिए, जिनकी बुद्धि इस संसार के ईश्वर ने अंधी कर दी है, ताकि मसीह जो परमेश्वर का प्रतिरूप है, उसके तेजोमय सुसमाचार का प्रकाश उन पर न चमके” (2 कुरिन्थियों 4:4); और यीशु ने स्वयं कहा, “मैं इस जगत में न्याय के लिए आया हूँ, ताकि जो नहीं देखते वे देखें” (यूहन्ना 9:39)। और मरकुस के सुसमाचार में हम पढ़ते हैं कि हालाँकि शिष्य यीशु का अनुसरण कर रहे थे, फिर भी वह जो कुछ भी उन्हें सिखा रहा था, उसे वे पूरी तरह से समझ नहीं पाए थे, इसलिए उसने पूछा, “क्या आँखें रखते हुए भी नहीं देखते, और कान रखते हुए भी नहीं सुनते?” (मरकुस 8:18)।
तो फिर, अंधों को दृष्टि कैसे मिलती है? वैसे ही जैसे बरतिमाई को मिली: यीशु के पास जाकर और उससे दया की पुकार करके, और वह प्रेमपूर्ण क्षमा और नया जीवन माँगकर जो केवल वही प्रदान कर सकता है। आप कभी भी यीशु मसीह को अपने जीवन में एक वास्तविकता के रूप में नहीं जान पाएँगे, जब तक कि आप उसे एक आवश्यकता के रूप में न जान लें। यह वह सत्य है जिसे हमें उसके पीछे चलने के पहले दिन का आनन्द लेने के लिए समझना जरूरी है; लेकिन यह ऐसा सत्य भी है जिसे हमें हमेशा याद रखना है ताकि हम अपने जीवन में उसके पीछे चलना जारी रख सकें। जिस भी तरह से आपको इस समय दया की आवश्यकता है, उसे विश्वास की आँखों से देखिए और बस माँगिए। खुशखबरी यह है कि यीशु अभी भी सुनता है, यीशु अभी भी परवाह करता है, यीशु अभी भी रुकता है, यीशु अभी भी उत्तर देता है, और यीशु अभी भी उद्धार देता है।
मरकुस 10:46-52