“जो मेरे साथ बातें कर रहा था उसके पास नगर और उसके फाटकों और उसकी शहरपनाह को नापने के लिये एक सोने का गज़ था। वह नगर वर्गाकार बसा हुआ था और उसकी लम्बाई, चौड़ाई के बराबर थी; और उसने उस गज़ से नगर को नापा, तो साढ़े सात सौ कोस का निकला : उसकी लम्बाई और चौड़ाई और ऊँचाई बराबर थी।” प्रकाशितवाक्य 21:15-16
अतीत में परमेश्वर ने इस्राएल के लोगों के बीच यरूशलेम के मन्दिर में निवास किया। लेकिन वह मन्दिर नष्ट कर दिया गया। जब बाबुल के राजा नबूकदनेस्सर के हाथों उस मन्दिर को नष्ट किया गया, तब परमेश्वर ने यह प्रतिज्ञा की कि वह एक नया मन्दिर बनाएगा (यहेजकेल 40-43)। यद्यपि यरूशलेम में एक दूसरा मन्दिर बनाया गया, लेकिन वह पहले की छाया मात्र था और स्पष्ट रूप से उस प्रतिज्ञा की पूर्ति नहीं था (हाग्गै 2:2-3)। यह प्रतिज्ञा अन्ततः यीशु के जीवन, मृत्यु, पुनरुत्थान और स्वर्गारोहण के माध्यम से पूरी हुई (यूहन्ना 2:19-22)।
मन्दिर में परमेश्वर की उपस्थिति मुख्यतः परम पवित्र स्थान में केन्द्रित थी, जो एक पूर्ण घन के रूप में निर्मित एक आन्तरिक पवित्र स्थान था। केवल एक व्यक्ति, अर्थात महायाजक साल में केवल एक बार वहाँ प्रवेश कर सकता था। सदियों बाद, जब वह पहला मन्दिर केवल स्मृति बनकर रह गया था, प्रेरित यूहन्ना ने परमेश्वर के अनन्त राज्य के नए नगर का दर्शन प्राप्त किया। इसे एक पूर्ण घन के रूप में चित्रित किया गया था, लेकिन अब यह घन मध्य-पूर्व के किसी एक भवन में सीमित नहीं था, बल्कि यूहन्ना के समय के ज्ञात संसार जितना विशाल था।
नई सृष्टि में परमेश्वर की उपस्थिति किसी विशेष स्थान तक सीमित नहीं होगी। वहाँ कोई विशेष भवन नहीं होगा, जहाँ परमेश्वर का दर्शन करने के लिए हमें जाना पड़ेगा, क्योंकि परमेश्वर और हमारे बीच कोई दूरी नहीं होगी। यूहन्ना लिखता है कि उसने “उसमें कोई मन्दिर न देखा” (प्रकाशितवाक्य 21:22), क्योंकि उस दिन परमेश्वर पूरी तरह और अद्भुत रूप से वहाँ होगा, एक ऐसे रूप में जिसे हम अभी तक समझ नहीं सकते। हर स्थान “मन्दिर का प्रांगण” ही होगा। यह एक क्रान्तिकारी तस्वीर है, जो पूरी तरह से नए अनुभव को दर्शाती है, अर्थात परिस्थितियों का ऐसा परिवर्तन जो इतना व्यापक, समृद्ध, और विशाल है कि जैसा कि प्रेरित पौलुस कहता है कि हम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते “जो परमेश्वर ने अपने प्रेम रखने वालों के लिए तैयार किया है” (1 कुरिन्थियों 2:9)।
यदि हम मसीह के साथ एक हैं, तो पवित्र आत्मा के माध्यम से परमेश्वर की उपस्थिति हमारे साथ है। फिर भी, परमेश्वर के बारे में हमारी जानकारी और उसके साथ हमारी निकटता अभी भी सीमित है। हमारी वर्तमान स्थिति वह नहीं है, जिसकी हमें पूरी तरह से लालसा है, और न ही वह है जो परमेश्वर हमारे लिए चाहता है। वह समय अभी आना बाकी है—लेकिन वह अवश्य आएगा।
क्या आप परमेश्वर के साथ इस अकल्पनीय निकटता की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं? यदि आप ईमानदारी से परमेश्वर के साथ इस स्थाई निवास स्थान की आशा कर रहे हैं, तो यह आपके जीवन की पवित्रता और इस चिन्ता में स्पष्ट होगा कि आपके मित्र, रिश्तेदार, और पड़ोसी मसीह को जानें। यह जानते हुए कि हमारे पास यह महान आशा है, हम शुद्ध होंगे, जैसे मसीह शुद्ध है (1 यूहन्ना 3:3)—और हम दूसरों को अपने जीवन और अपने शब्दों के माध्यम से यीशु के बारे में बताने से रुक नहीं पाएँगे।
प्रकाशितवाक्य 21:9-27