“फिर खाने के समय बोअज़ ने उससे कहा, ‘यहीं आकर रोटी खा, और अपना कौर सिरके में डुबा।’ तो वह लवने वालों के पास बैठ गई, और उसने उसको भुनी हुई बालें दी; और वह खाकर तृप्त हुई, वरन् कुछ बचा भी रखा।” रूत 2:14
आप और मैं ऐसे पुल बनने के लिए बुलाए गए हैं, जो अलगाव के अनुभव और दिव्य स्वीकृति के जीवन के बीच के अन्तर को पाट करें।
रूत के लिए बोअज़ वह पुल था। पूरे दिन की कड़ी मेहनत के बीच बोअज़ ने अपने मजदूरों को भोजन करने का निमन्त्रण दिया। उसने रूत को भी फसल काटने वालों के बीच भोजन करने के लिए आमन्त्रित किया। हम इसके महत्त्व को देखने से आसानी से चूक सकते है। रूत एक अपरिचित, एक विदेशी, और एक महिला थी। बोअज़ के कार्य अप्रत्याशित और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से विपरीत थे। वे मसीह के स्वभाव जैसे थे।
बोअज़ एक ऐसे व्यक्ति का उदाहरण है, जिसके कार्य अलगाव और परमेश्वर द्वारा दी गई स्वीकृति के बीच पुल बने। एक मोआबिन होने के कारण, रूत बैतलहम के रहने वाले लोगों से अलग दिखती थी और अलग व्यवहार करती थी। इसके अतिरिक्त, रूत और नाओमी की विधवा स्थिति उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों में अलग-थलग कर देती। लेकिन क्योंकि परमेश्वर का प्रेम बोअज़ के हृदय में था, इसलिए उसने किसी भी प्रकार के भेदभाव को नकारते हुए रूत का अपनी मेज़ पर स्वागत किया।
बोअज़ केवल अपने कार्यों से रूत को आराम महसूस कराने तक ही नहीं रुका। उसने यह भी सुनिश्चित किया कि उसके मजदूर भी रूत के साथ स्वीकृति और दया से व्यवहार करें, और उसने उसे अपने नए काम के कौशल को सीखते हुए संघर्ष करने के लिए अकेला नहीं छोड़ा (रूत 2:15-16)। उसने उसकी देखभाल करने के लिए खुले दिन का प्रदर्शन किया।
क्या हम अविश्वासियों, नए विश्वासियों, या हमारी कलीसियाओं में आने वाले आगंतुकों के साथ ऐसा करते हैं? एक मसीही, परिभाषा के अनुसार, परमेश्वर की वाचा के प्रेम का प्राप्तकर्ता होता है। इसलिए एक मसीही को ही सबसे पहले बहिष्कृत लोगों को अपने साथ शामिल करना चाहिए—उसे ही यह कहने वाला पहला व्यक्ति होना चाहिए, “यहाँ पर आपका स्वागत है! हमें खुशी है कि आप यहाँ हैं! कृपया शामिल हों! क्या आप मेरे साथ शामिल होंगे?” हम आत्म-केन्द्रित और केवल अपने जानकार लोगों के साथ समय बिताने और उनका स्वागत करने की आदत के खिलाफ खड़े होने के लिए बुलाए गए हैं।
हम पुल बनने के लिए वह साहस तब पाते हैं, जब हम मसीह में परमेश्वर द्वारा अपनी स्वीकृति को देखते हैं। बोअज़ द्वारा रूत की जाति, सामाजिक स्थिति और कार्य अनुभव की कमी के बावजूद उसे शामिल करना, परमेश्वर के सबसे बड़े स्वागत की शाश्वत कहानी की ओर इशारा करता है। पवित्र परमेश्वर ने यहूदी और गैर-यहूदी, दास और स्वतन्त्र के बीच की सीमाओं को पार करते हुए, पापियों से कहा, “पृथ्वी के दूर-दूर के देश के रहने वालो, तुम मेरी ओर फिरो और उद्धार पाओ!” (यशायाह 45:22)। हमें फिर से क्रूस की ओर देखना चाहिए, क्योंकि वहाँ हमें यह समझने को मिलता है कि परमेश्वर के प्रेम और स्वागत को पाने का क्या मतलब है। केवल तब ही हम दूसरों को सच्चे दिल से प्रेम और स्वागत कर सकेंगे।
इसलिए देखिए कि मसीह में कैसे परमेश्वर अपनी मेज़ पर आपका स्वागत करता है, और फिर अपने आप से पूछिए: “उसका आत्मा मुझे किस विभाजन को पार करने के लिए प्रेरित कर रहा है? वह मुझे किसे अपनी मेज़ पर स्वागत करने के लिए बुला रहा है?”
याकूब 2:1-13