“क्योंकि मैं उस अनुग्रह के कारण जो मुझ को मिला है, तुम में से हर एक से कहता हूँ कि जैसा समझना चाहिए उससे बढ़कर कोई भी अपने आप को न समझे; पर जैसा परमेश्वर ने हर एक को विश्वास परिमाण के अनुसार बाँट दिया है, वैसा ही सुबुद्धि के साथ अपने को समझे।” रोमियों 12:3
कोई भी व्यक्ति आत्म-प्रशंसा के पाप से बचा हुआ नहीं है। इसके प्रमाण के लिए बस किसी भी किंडरगार्टन क्लासरूम में चले जाइए। इस छोटे से समूह में, जल्दी ही कोई न कोई अपने सबसे ऊँचे ब्लॉक टावर बनाने या सबसे बेहतरीन पारिवारिक चित्र बनाने की बातें करने लगेगा—दूसरे शब्दों में, अपने आप को उससे अधिक समझना जितना वह वास्तव में है।
हमेशा दूसरों से अपनी तुलना करना एक सांसारिक सोच का तरीका है। अपने आप का अतिरंजित मूल्यांकन एक भयंकर समस्या है—यह दूसरों को नीचा दिखाता है और परमेश्वर के सामने हमारे स्थान को नजरअंदाज करता है। हालाँकि इसका उत्तर आत्म-अपमान में नहीं है, जो आत्म-प्रशंसा के विपरीत है और उसी के समान गलत भी है। यह आत्म-हीनता भी अहंकार का ही उत्पाद है, क्योंकि यह तुलना से उत्पन्न होती है। यह भी आत्म-केन्द्रित ही होती है।
मसीही लोगों का आत्म का दृष्टिकोण परमेश्वर द्वारा नवीनीकरण किए गए मन में आधारित होना चाहिए (रोमियों 12:2)। इस दृष्टिकोण के साथ, हम अपने मूल्य और पहचान को परमेश्वर की कृपा और अनुग्रह में पाते हैं। हमारा महत्त्व, पहचान, मूल्य, और भूमिका इस पर आधारित होते हैं कि परमेश्वर कौन है और उसने हमारे लिए क्या किया है, न कि इस पर कि हम कौन हैं या हमने उसके लिए क्या किया है।
हम इस सही दृष्टिकोण को उस समय याद करते हैं, जब हम इस गीत की ये पंक्तियाँ गाते हैं, “जब मैं अद्भुत क्रूस को देखता हूँ, जिस पर महिमा का राजकुमार मरा।”[1] क्रूस को देखने का अर्थ सुसमाचार पर ध्यान केन्द्रित करना है—इस सत्य पर कि कोई और हमारे स्थान पर मरा और हमारे दण्ड को सहा। ऐसा करते हुए हम समझ जाते हैं कि “मेरे सबसे बड़े लाभ को मैं हानि मानता हूँ, और अपने सारे घमण्ड का तिरस्कार करता हूँ।” क्रूस हमें एक साथ ऊँचा और नीचा करता है, और यह हमें जीवन में आगे बढ़ने के प्रयास करने की जरूरत से मुक्त करता है और हमें यह पहचानने में सक्षम बनाता है कि परमेश्वर ने हमें किस प्रकार के वरदान दिए हैं। हम “सुबुद्धि के साथ” अपना आत्म-मूल्यांकन करें।
इसलिए कलीसिया का दृष्टिकोण संसार से स्पष्ट रूप से अलग होना चाहिए कि हम अपने आप को और एक-दूसरे को कैसे देखते हैं। जब हम सुसमाचार से एकजुट होकर एक साथ आते हैं, तो हमारे अस्तित्व से सम्बन्धित बाकी सब कुछ, हालाँकि वह अप्रासंगिक नहीं है, अपने प्राथमिक महत्त्व को खो देता है, और हम अपने वरदानों का उपयोग अपनी प्रशंसा के लिए नहीं बल्कि दूसरों की सेवा के लिए करते हैं।
क्रूस को देखिए, जहाँ आपका उद्धारक आपके पापों के लिए लहूलुहान हुआ और मरा, क्योंकि वह आपसे प्रेम करता है। आपके पास गर्व करने के लिए कोई स्थान नहीं है। दूसरों से अपनी तुलना करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके बजाय, जो कुछ उसने आपको दिया है, उसका उपयोग आप दूसरों की निस्वार्थ, आनन्दमयी सेवा में कर सकते हैं।
1 कुरिन्थियों 4:1-7
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यिर्मयाह 34–36; मत्ती 26:47-75
[1] आइसक वॉट्स, “वैन आई सर्वे द वण्ड्रस क्रॉस” (1707).