“पतरस ने यीशु से कहा, ‘हे रब्बी, हमारा यहाँ रहना अच्छा है : इसलिए हम तीन मण्डप बनाएँ; एक तेरे लिए, एक मूसा के लिए, और एक एलिय्याह के लिए।’ क्योंकि वह न जानता था कि क्या उत्तर दे, इसलिए कि वे बहुत डर गए थे। तब एक बादल ने उन्हें छा लिया, और उस बादल में से यह शब्द निकला, “यह मेरा प्रिय पुत्र है, इसकी सुनो।’” मरकुस 9:5-7
पतरस के लिए यीशु के रूपान्तरण से पहले के दिन भावनाओं के उतार-चढ़ाव से भरे थे। एक क्षण वह घोषणा कर रहा था, “तू जीवते परमेश्वर का पुत्र मसीह है” (मत्ती 16:16), और अगले ही क्षण यीशु उसे डाँटते हुए कह रहा था, “हे शैतान, मेरे सामने से दूर हो! तू मेरे लिए ठोकर का कारण है; क्योंकि तू परमेश्वर की बातों पर नहीं, परन्तु मनुष्यों की बातों पर मन लगाता है” (पद 23)। पतरस उस ऊँचाई तक उठ चुका था जहाँ उसने उस पुरुष की सच्ची पहचान प्रकट की थी, जिसने उसे मनुष्यों का मछुआरा बनने के लिए बुलाया था; परन्तु फिर वह ऐसी गहराई तक गिर पड़ा कि जीवते परमेश्वर के पुत्र ने उसे यह कहकर ताड़ना दी कि वह दुष्ट से प्रेरित हो रहा है और पुत्र के कार्य में बाधा बन रहा है। लेकिन वह इससे भी नीचे गिरने वाला था और फिर उससे भी ऊँचा उठने वाला था (मत्ती 26:69-75; प्रेरितों 4:5-20)। यदि मेरे समान आपका मसीही जीवन भी उतार-चढ़ाव से भरा हुआ लगता है, तो पतरस का उदाहरण आपके लिए एक उत्साहजनक प्रेरणा हो सकता है।
मत्ती 17 में, पतरस अचानक खुद को एक पहाड़ पर रूपान्तरित और तेजोमय यीशु के साथ पाता है, जो मूसा और एलिय्याह के साथ बातचीत कर रहा था। स्वाभाविक रूप से, पतरस “न जानता था कि क्या उत्तर दे” क्योंकि वह और उसके दो साथी “बहुत डर गए थे” (मरकुस 9:6)। वह नहीं जानता था कि वह क्या कह रहा है (लूका 9:33)—लेकिन फिर भी वह बोल पड़ा!
उस महिमा की एक झलक ने पतरस को स्तब्ध कर दिया। वह प्रभु और पुराने नियम के इन दो महान भविष्यवक्ताओं के लिए झोंपड़ियाँ बनाने का सुझाव दे ही रहा था कि अचानक, जैसे यीशु के बपतिस्मा के समय हुआ था, स्वर्ग से एक स्वर आया जिसने उसे यह बताया कि इस दर्शन पर सही प्रतिक्रिया क्या होनी चाहिए: बस, पतरस! अब यीशु की सुनने का समय है। यह मेरा प्रिय पुत्र है, जिससे मैं प्रेम करता हूँ; इसकी सुनो।
यह परमेश्वर की लगातार पुकार है—हर समय, हर स्थान पर, हर व्यक्ति के लिए। परमेश्वर का वचन आज भी पवित्रशास्त्र के माध्यम से उतना ही जीवित और प्रभावी है, जितना तब था जब पतरस ने उसे रूपान्तरण पर्वत पर सुना था। जब हम बाइबल पढ़ते हैं और पवित्र आत्मा हमारे हृदयों में कार्य करता है, तो हमें वैसे ही स्वर्गिक वैभव की झलक और महिमा की अनुभूति मिल सकती है, जैसी पतरस, याकूब और यूहन्ना को मिली थी।
हम, पतरस की तरह, अपने मसीही जीवन को “कभी गहराइयों में डूबा हुआ . . . और कभी ऊँचाइयों को छूता हुआ पाते हैं।”[1] लेकिन जब परमेश्वर का अटल और शाश्वत वचन हमारे जीवन में प्रवेश करता है, तो वह हमें यीशु की ओर मोड़ता है—उस प्रिय पुत्र की ओर जो सदा पिता को प्रिय था और जो स्वयं को हमारे लिए प्रकट करता है। प्रश्न यह है: क्या हम उसकी सुनेंगे?
2 पतरस 1:16-21
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यहोशू 22–24; लूका 18:18-43 ◊
[1] ओक्टेवियस विनस्लो, सोल-डेप्थ्स ऐण्ड सोल-हाईट्स (बैनर ऑफ ट्रुथ, 2006), पृ. 1.