17 दिसम्बर : आवश्यक परीक्षाएँ

Alethia4India
Alethia4India
17 दिसम्बर : आवश्यक परीक्षाएँ
Loading
/

“हम क्लेशों में भी घमण्ड करें, यह जानकर कि क्लेश से धीरज . . . उत्पन्न होता है।” रोमियों 5:3

जीवन के किसी भी क्षेत्र में सही दृष्टिकोण अत्यन्त महत्त्वपूर्ण होता है। कला के क्षेत्र में, यह कलाकार को एक ऐसी छवि बनाने में सहायता करता है कि उसके द्वारा बनाया गया प्याला इतना वास्तविक लगता है कि मानो उसे अभी पानी से भर दिया जाए, या उसके द्वारा बनानी गई कुर्सी इतनी वास्तविक लगती है कि वह हवा में झूलती हुई नहीं बल्कि जमीन पर टिकी हुई प्रतीत होती है। इसी प्रकार, जीवन की परीक्षाओं में भी सही प्रतिक्रिया देने के लिए सही दृष्टिकोण आवश्यक है। यदि हम इनका सही अर्थ नहीं समझते, तो हम इनका सामना भी सही तरीके से नहीं कर सकते।

परीक्षाएँ हमारे विश्वास को परखने का साधन हैं जिनके द्वारा यह परखा जाता है कि क्या हम केवल यीशु में भरोसा रखते हैं या नहीं। ये यह भी निर्धारित करने में सहायता करती हैं कि हमारा विश्वास सच्चा है या दिखावटी? जब जीवन सुचारू रूप से चलता है, तो आत्मविश्वास महसूस करना आसान होता है। लेकिन जब समस्याएँ सिर उठाती हैं—जब परिवार बिखरने लगता है, जब शरीर या मन कमजोर हो जाता है, जब हमारी आशाएँ टूट जाती हैं—तब हमें पता चलता है कि हमारा विश्वास कितना दृढ़ है। और जब परीक्षाओं में हमारा विश्वास सच्चा सिद्ध होता है, तो हमें आनन्द होता है, क्योंकि ऐसा विश्वास “आग से ताए हुए नाशवान सोने से भी कहीं अधिक बहुमूल्य है” (1 पतरस 1:7)।

कठिनाइयाँ हमारे विश्वास की वृद्धि को परखने में भी सहायता करती हैं—कि हम बढ़ रहे हैं या रुक गए हैं। निराशाएँ और आँसू अक्सर हमें आत्मिक रूप से आगे बढ़ाते हैं, क्योंकि तब हम परमेश्वर के वचन को उन तरीकों से लागू करने लगते हैं, जिनकी हमने पहले कल्पना भी नहीं की थी। हम मसीह के अतुलनीय मूल्य को उन तरीकों से समझने लगते हैं, जिन्हें हम पहले कदाचित नहीं समझते थे। एक लेखक ने लिखा है, “कष्टों की आँधी मिथ्या विश्वास, कपट और सन्देह की भूसी को उड़ा देती है, और केवल वही बचता है जो सच्चा और शुद्ध चरित्र होता है।”[1]

परीक्षाएँ हमें सहनशीलता विकसित करने में भी सहायता करती हैं। मसीही जीवन कुछ सौ मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि जीवनभर चलने वाली मैराथन है। मैराथन धावकों को कई कठिन मीलों से गुजरना पड़ता है, जहाँ वे थकान और पीड़ा महसूस करते हैं, लेकिन वे दौड़ जारी रखते हैं। उन्हें आश्चर्य नहीं होता कि यह कठिन क्यों है; वे पहले से जानते हैं कि ऐसा होगा। लेकिन वे यह भी जानते हैं कि इन कष्टों के पार ही विजय का मुकुट है। इसी तरह, जीवन में हमें मिलने वाली परीक्षाएँ हमें आत्मिक रूप से मजबूत बनाती हैं, ताकि हम अपनी दौड़ अच्छी तरह पूरी कर सकें।

यदि आप किसी ऐसे मसीही को देखें, जिसकी आँखें कोमल और हृदय दयालु है, तो आपको लगभग निश्चित रूप से यह पता चलेगा कि उन्होंने यह विनम्रता और करुणा कठिन परीक्षाओं के माध्यम से प्राप्त की है। हम अक्सर बिना परिश्रम के अच्छे परिणाम चाहते हैं, लेकिन ऐसा कभी नहीं होता। परमेश्वर आमतौर पर हमारे विश्वास को दुखों की मिट्टी में ही उगने देता है।

प्रश्न यह है: “क्या मैं इस पर विश्वास करता हूँ?” यदि आपका उत्तर हाँ है, तो यह आपके दृष्टिकोण और जीवन की कठिनाइयों के प्रति आपकी प्रतिक्रिया को पूरी तरह बदल देगा। परीक्षाएँ अब भी आपको पीड़ा, भय और अनिश्चितता से भर सकती हैं, लेकिन साथ ही, आप उन्हें आनन्द के साथ स्वीकार कर पाएँगे, यह जानते हुए कि वे आपके आत्मिक धैर्य को विकसित कर रही हैं और आपको अन्त तक पहुँचने की शक्ति दे रही हैं।

1 पतरस 1:3-9

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यहोशू 19–21; लूका 18:1-17


[1] जेम्स बी. ऐडमसन, दि एपिस्टल ऑफ जेम्स, द न्यू इण्टरनैशनल कॉमैण्ट्री ऑन द न्यू टेस्टामेण्ट (अर्डमंस, 1976), पृ. 54.

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *