“मित्रों के बढ़ाने से तो नाश होता है, परन्तु ऐसा मित्र होता है, जो भाई से भी अधिक मिला रहता है।” नीतिवचन 18:24
कोई भी व्यक्ति अकेला होना और बिना किसी दोस्त के रहना पसन्द नहीं करता। हम सभी दोस्ती के महत्त्व को और एक सच्चे दोस्त के रूप में मिले अनमोल वरदान के महत्त्व को पहचानते हैं। घनिष्ठ मित्रता, जिसमें अनुरूपता, सच्चाई और भावुकता पाई जाती है, एक ऐसा मानक है जिसे बाइबल हमारे लिए प्रदर्शित करती है।
सुलैमान कहता है कि एक सच्चा मित्र सदैव निष्ठावान रहता है, चाहे परिस्थितियाँ कैसी भी हों: “मित्र सब समयों में प्रेम रखता है” (नीतिवचन 17:17)। हम अपने दोस्तों को ठीक वैसे ही देखते हैं, जैसे वे हैं और फिर भी हम उनके प्रति अपनी निष्ठा में अटल रहते हैं। इसके अतिरिक्त, सच्चे मित्र ऐसे घाव देने से भी नहीं डरते, जिनसे उनके मित्र वह सब बन सकें जो परमेश्वर उन्हें बनाना चाहता है, “जो घाव मित्र के हाथ से लगें वह विश्वास योग्य हैं” (नीतिवचन 27:6)। हो सकता है कि हम इसे विशेष रूप से पसन्द न करें, किन्तु हममें से प्रत्येक को ऐसे मित्रों की आवश्यकता है जो हमसे गलती होने पर हमें जवाबदेह ठहराएँ। और हममें से प्रत्येक को भी ऐसा ही मित्र बनने का बुलावा दिया गया है।
हमें अपनी भाषा के उपयोग पर भी विचार करना चाहिए, जैसा कि पौलुस कहता है कि “कोई गन्दी बात तुम्हारे मुँह से न निकले, पर आवश्यकता के अनुसार वही निकले जो उन्नति के लिए उत्तम हो, ताकि उससे . . . अनुग्रह हो” (इफिसियों 4:29)। आप केवल एक शब्द से किसी का दिल तोड़ सकते हैं, और हो सकता है कि उसे ठीक करने में पूरा जीवन लग जाए।
जो पुरुष और स्त्रियाँ इन सिद्धान्तों को गम्भीरता से लेते हैं, हो सकता है कि वे अपने आप से पूछें कि “क्या सच में कोई ऐसा दोस्त है जिसमें ऐसी विशेषताएँ होंगी? क्या मेरी जानकारी में ऐसा कोई है, जो हमेशा स्थिर रहता है, जो मुझे प्रेम में होकर झिड़कता है, जो मेरे साथ अपने सभी वार्तालापों में अनुग्रह और संवेदनशीलता दिखाएगा?” और अन्ततः इन सभी प्रश्नों का उत्तर मसीह में पाया जाता है। प्रभु यीशु की मित्रता का विस्तार अद्भुत है! उसने सबसे अजीब व्यक्तियों से मित्रता की। वह एक महसूल लेने वाले से बात करने के लिए एक पेड़ के नीचे रुका, उसने एक भ्रष्ट स्त्री से पानी माँगा, और एक कोढ़ी की सुधि ली। वह अपने प्रेम में अटल था; वह सत्य के वचन बोलने के लिए तैयार था, चाहे वह करना कितना भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हो; उसने दूसरों की उन्नति की। श्रेष्ठ रूप में, वह वही है जिसने अपने मित्रों से इतना प्रेम किया कि उनके लिए अपना जीवन दे दिया (यूहन्ना 15:13)। वह पापियों का मित्र है:
यीशु कैसा दोस्त प्यारा, दुःख और बोझ उठाने को!
क्या ही उम्दा वक़्त हमारा, बाप के पास अब जाने को! [1]
यीशु की मित्रता हमारे लिए स्वर्णिम मानक है। मसीह के मित्रों के रूप में, हमें भी दूसरों से प्रेम करने और उनसे मित्रता करने का बुलावा मिला है जैसा कि उसने किया। वास्तव में, यीशु ने कहा, “जो आज्ञा मैं तुम्हें देता हूँ, यदि उसे मानो तो तुम मेरे मित्र हो” (यूहन्ना 15:14)। हमें उन लोगों के साथ उसकी इस मित्रता के विस्तार को बाँटने के लिए प्रत्येक अवसर का लाभ उठाना चाहिए, जो मित्रहीन हैं और त्यागे हुए हैं।
हम ऐसे संसार में रहते हैं, जहाँ जान-पहचान के लोग तो प्रायः अनगिनत होते हैं और “फेसबुक के दोस्त” बहुत सारे होते हैं। परन्तु यह सच्ची मित्रता नहीं है। क्या आपके पास ऐसे मित्र हैं जो अटल, घनिष्ठ और मसीह-समान हैं? यदि हैं, तो उन्हें संजो के रखें। यदि नहीं हैं, तो प्रार्थना करें कि आपको ऐसे कुछ मित्र मिलें, और आज आप स्वयं दूसरों के लिए उस तरह के मित्र बनें। आप किसी के अकेलेपन का हल या किसी के विनाश से बचाव का कारण बन सकते हैं।
याकूब 5:13-20