28 नवम्बर : आप बक्से से बाहर निकलेंगे

Alethia4India
Alethia4India
28 नवम्बर : आप बक्से से बाहर निकलेंगे
Loading
/

“पुनरुत्थान और जीवन मैं ही हूँ; जो कोई मुझ पर विश्‍वास करता है वह यदि मर भी जाए तौभी जीएगा।” यूहन्ना 11:25

पास्टर के तौर पर काम करते हुए बीते वर्षों में मैंने असंख्य अन्त्येष्टि सेवाएँ संचालित की हैं। परन्तु उनमें से एक मुझे उस शिक्षा के कारण विशेष रूप से याद है, जो उसने मुझे दी।

जब मैं कब्रिस्तान में पहुँचा, तो मुझे कहा गया कि मैं प्रतीक्षा-कक्ष में प्रतीक्षा करूँ। जिज्ञासु स्वभाव का होने के कारण मैंने कमरे में नज़र दौड़ाई और पाया कि उस कमरे में छोटे ताबूत पड़े हैं, जो वहाँ नमूने के तौर पर रखे गए थे और जिनके सिरे काटे हुए थे ताकि आप देख सकें कि प्रत्येक ताबूत भीतर से कैसा है।

वहाँ बैठे हुए, मैं सोचने लगा कि ताबूत के भीतर देखने के बजाय उसके भीतर होना कैसा लगेगा। मैं अत्यन्त व्याकुल हो गया। मैंने अपने आप से कहा, “मैं एक मसीही हूँ। मैं देह के पुनरुत्थान में विश्वास करता हूँ। मैं विश्वास करता हूँ कि मैं मरूँगा और स्वर्ग जाऊँगा।” और फिर भी, मैंने ताबूत को देखा और अपने मन में सोचा, “मैं इनमें से किसी के भीतर नहीं जाना चाहता!”

तभी मेरे मन में यह विचार आया: “अविश्वासी के मन में क्या आता होगा, जब वह मृत्यु और मरने के विषय में सोचता है?”

सन् 1960 के दशक के उत्तरार्ध में इंगलैण्ड में विशेष रूप से व्यस्त चौराहों पर सड़कों पर पीले रंग से बक्से बनाए गए, जिन्हें बॉक्स जंक्शन कहा जाता है, जिनके पास यह संकेत चिह्न लगे होते हैं, “जब तक आपका निकास स्पष्ट न हो, इस बक्से में प्रवेश न करें।” इन बक्सों और संकेतों का उद्देश्य यातायात के प्रवाह में सहायता करना था। परन्तु उस दिन कब्रिस्तान में मेरे मन में यह आया कि यह चेतावनी कितनी उपयुक्त है, जब हम इस बात पर विचार करते हैं कि हम सब मरेंगे और एक ताबूत में लेटेंगे। यद्यपि मेरा शरीर एक दिन एक बक्से में होगा, तौभी मेरी आत्मा वहाँ से निकल चुकी होगी—और तब वहाँ से मेरा निकास स्पष्ट होना चाहिए।

हर कोई जानता है कि मृत्यु आ रही है। आँकड़े स्पष्ट हैं: पैदा होने वाला प्रत्येक मनुष्य मरता है। जीवन के कार्य अनिवार्य रूप से अन्त की ओर ले जाते हैं। तौभी परमेश्वर का पुत्र, जो “जगत की उत्पत्ति के पहले” विद्यमान था (1 पतरस 1:20), समय की सीमाओं में उतर आया ताकि हम एक उद्धारकर्ता, एक मित्र और एक प्रभु को जान सकें, और ताकि हम अनन्तकाल में प्रवेश के लिए तैयार हों—और यहाँ तक कि उसकी प्रत्याशा भी करें!

सम्भव है कि आप उन बहुतों में से एक हों जो लगभग हर उस बात के लिए तैयार हैं जो घट सकती है—सिवाय बक्से से अपने निकास के। परन्तु उस बक्से में से निकास ही एक बात है जिसके लिए आपको अवश्य तैयार होना चाहिए। आप परमेश्वर के सामने खड़े होंगे। आप अपने जीवन का लेखा देंगे। परन्तु सुसमाचार का सन्देश यह है कि यदि आप मसीह पर भरोसा रखे हैं कि वह आपको पार ले जाएगा, तो आपको उस दिन से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं हैं। और यदि आप ऐसा करते हैं, तो आप ताबूत की ओर देखकर अपने भय से कह सकते हैं; क्योंकि यद्यपि आपकी सांसारिक देह उसमें जा सकती है, आपकी आत्मा उसमें नहीं जाएगी; और आप ऐसा पुनरुत्थित का शरीर प्राप्त करेंगे जो फिर कभी ताबूत के भीतर नहीं जाएगा। “जब तक आपका निकास स्पष्ट न हो, बक्से में प्रवेश न करें”—परन्तु महिमामय रीति से आपका मार्ग मसीह के लहू से चिह्नित है और आपका स्वर्गिक गंतव्य आपकी प्रतीक्षा कर रहा है। निर्भय रहें।

  यूहन्ना 11:17-44

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 19–20; लूका 8:26-56 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *