“मैं तेरे कामों को जानता हूँ कि तू न तो ठण्डा है और न गर्म : भला होता कि तू ठण्डा या गर्म होता। इसलिए कि तू गुनगुना है, और न ठण्डा है और न गर्म, मैं तुझे अपने मुँह में से उगलने पर हूँ। तू कहता है कि मैं धनी हूँ और धनवान हो गया हूँ और मुझे किसी वस्तु की घटी नहीं; और यह नहीं जानता कि तू अभागा और तुच्छ और कंगाल और अन्धा और नंगा है . . . देख, मैं द्वार पर खड़ा हुआ खटखटाता हूँ; यदि कोई मेरा शब्द सुनकर द्वार खोलेगा, तो मैं उसके पास भीतर आकर उसके साथ भोजन करूँगा और वह मेरे साथ।” प्रकाशितवाक्य 3:15-17, 20
लौदीकिया एक आर्थिक केन्द्र था, और उसमें वह सारा आत्मविश्वास और वैभव था जो धन के साथ आता है। वह अपनी भेड़ों और उनकी मुलायम, काली ऊन के लिए भी प्रसिद्ध था, जिससे महंगे वस्त्र बुने जाते थे। इतना ही नहीं, वह नगर अपने चिकित्सालय के लिए भी जाना जाता था, जहाँ एक ऐसा सुरमा विकसित किया गया था जो आँखों की कुछ बीमारियों के उपचार में उपयोगी था।
इसी वातावरण में लौदीकिया की कलीसिया रहती थी—एक आर्थिक रूप से समृद्ध नगर में, जो अपने व्यापारिक कौशल के लिए प्रसिद्ध था और अपनी चिकित्सा सुविधा के लिए जाना जाता था। परमेश्वर ने अपने लोगों को वहाँ इस उद्देश्य से रखा था कि वे लौदीकिया के विविध जीवन के बीच उसकी ज्योति को प्रकट करें। परन्तु कलीसिया अपने आस-पास की संस्कृति में ही समा गई थी। उन्होंने अपनी धार खो दी थी, समझौता कर चुकी थी और आत्म-धोखे में पड़ी हुई थी। अपने उद्धारकर्ता को प्रतिबिम्बित करने के स्थान पर वे अपने समाज को प्रतिबिम्बित करने लगे।
इसलिए यह आश्चर्य की बात नहीं कि जब मनुष्य का पुत्र लौदीकिया की कलीसिया को देखता है, तो उसे उसमें बहुत कम ऐसा मिलता है जो उसे भाए। वे जड़ हो गए थे। धन ने उनमें आत्म-निर्भरता की भावना उत्पन्न कर दी थी। वे अच्छे वस्त्र पहनते थे, परन्तु अपने आत्मिक नंगेपन से अनजान थे। यद्यपि उनके नगर के वैद्य शारीरिक दृष्टि को लौटाने में सहायता कर सकते थे, परन्तु कलीसिया के सदस्य आत्मिक रूप से अन्धे थे।
तौभी क्या मसीह उन्हें छोड़ देने वाला था? अभी नहीं। उसका मूल्यांकन अच्छा नहीं था, रोग-निदान गम्भीर था, और चेतावनी वास्तविक थी। परन्तु उसने उन्हें स्वयं से दूर नहीं किया। इसके विपरीत, उसने उन्हें भोजन के लिए बुलाया: “यदि कोई मेरा शब्द सुनकर द्वार खोलेगा, तो मैं उसके पास भीतर आकर उसके साथ भोजन करूँगा और वह मेरे साथ।” यहाँ “भोजन करने” के लिए प्रयुक्त शब्द डेइप्नेसो है, जो चलते-फिरते खाए गए भोजन को नहीं, बल्कि एक पूर्ण भोज को दर्शाता है, जहाँ संगति, आनन्द, मित्रता और सहभागिता की अभिव्यक्ति के रूप में लम्बे समय तक बैठा जाता है।
क्या आप कभी अपनी समृद्धि पर स्वयं को बधाई देते हैं? क्या आप अपने जीवन के विषय में प्रभु के मूल्यांकन से अधिक अपनी भौतिक सम्पत्ति के विषय में सोचते हैं? सावधान रहें! एक गुनगुना विश्वास, जो बाहरी रूप से सब कुछ करता है, परन्तु भौतिकवाद को अपनाए रखता है और मसीह को दूरी पर रखता है, वास्तव में कोई विश्वास ही नहीं है। परन्तु उत्साहित भी हों: प्रभु द्वार पर खड़ा खटखटा रहा है, और वह आपको अपने साथ और गहरी संगति में बुला रहा है—ऐसी निकटता में जो आपके हृदय को फिर से प्रज्ज्वलित करेगी, ताकि आप फिर से गा सकें:
धन-सम्पत्ति की मुझे चाह नहीं, व्यर्थ और खोखली प्रशंसा भी नहीं।
अब और सदा मेरी विरासत तू ही है,
तू और केवल तू ही मेरे दिल में सर्वप्रथम है
हे स्वर्ग के महाराज, मेरा खजाना तू ही है। [1]
प्रकाशितवाक्य 3:14-22
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 1–3; लूका 5:1-16
[1] अनुवाद: मैरी एलिज़ाबेथ बर्न, “बी दाओ माई विज़न” (1905).