18 नवम्बर : इजेबेल का मार्ग

Alethia4India
Alethia4India
18 नवम्बर : इजेबेल का मार्ग
Loading
/

“मुझे तेरे विरुद्ध यह कहना है कि तू उस स्त्री इजेबेल को रहने देता है जो अपने आप को भविष्यद्वक्‍तिन कहती है, और मेरे दासों को व्यभिचार करने और मूर्तियों के आगे चढ़ाई गई वस्तुएँ खाना सिखलाकर भरमाती है . . . पर तुम थुआतीरा के बाकी लोगों से, जितने इस शिक्षा को नहीं मानते . . . मैं तुम पर और बोझ न डालूँगा। पर हाँ, जो तुम्हारे पास है उसको मेरे आने तक थामे रहो। जो जय पाए और मेरे कामों के अनुसार अन्त तक करता रहे, मैं उसे जाति-जाति के लोगों पर अधिकार दूँगा।” प्रकाशितवाक्य 2:20, 24-26

प्रकाशितवाक्य 2–3 में कलीसियाओं को लिखे यीशु के पत्रों में सबसे लम्बा पत्र उस नगर को लिखा गया था, जो राजनीतिक दृष्टि से सबसे कम प्रभावशाली था। थुआतीरा राजनीतिक से अधिक व्यापारिक नगर था—एक चहल-पहल भरा, समृद्ध समुदाय, जिसमें अनेक कारीगर रहते थे और जो खरीददारी के लिए उत्तम स्थान था। कुछ अन्य कलीसियाओं के विपरीत, जिन्हें यीशु ने सन्देश भेजे, यहाँ के विश्वासियों ने एक उत्तम आरम्भ किया था और स्पष्ट प्रगति भी दिखाई थी।

फिर भी, “प्रेम और विश्‍वास और सेवा और धीरज” (प्रकाशितवाक्य 2:19) जैसे अनेक सकारात्मक गुणों के बीच एक जहरीला पौधा जड़ पकड़ चुका था। यीशु इस गुट की अगुवाई करने वाली को “इजेबेल” कहते हुए उसकी गतिविधियों की तुलना लगभग एक हजार वर्ष पहले हुई इस्राएल की रानी इजेबेल से करता है। रानी इजेबेल ने इस्राएल को ऐसे विचार-तन्त्र से दूषित किया था जिसने धर्म को नैतिकता से अलग कर दिया था और लोगों को यह सिखाया था कि इस विभाजन के साथ जीना अच्छा है। थुआतीरा में भी कुछ ऐसा ही हो रहा था। यह स्त्री, जो अपने आप को “भविष्यद्वक्तिन” कहती थी, प्रेरित अधिकार का दावा करती थी और विश्वासियों से कहती थी कि वे मूर्तिपूजा और अनैतिकता में लिप्त रहते हुए भी यीशु के अनुयायी बने रह सकते हैं।

परमेश्वर का धन्यवाद हो कि थुआतीरा में हर कोई इजेबेल के मार्ग पर नहीं चला। जिन्होंने इस प्रलोभन का विरोध किया, उन्हें यीशु ने प्रोत्साहित किया कि जो उनके पास है, उसे थामे रहें—वह जीवन जो “सच्चा जीवन” है (1 तीमुथियुस 6:19)। उसने एक सरल प्रतिज्ञा के साथ पत्र समाप्त किया: “जो जय पाए और मेरे कामों के अनुसार अन्त तक करता रहे, मैं उसे जाति-जाति के लोगों पर अधिकार दूँगा” (प्रकाशितवाक्य 2:26; भजन 2:8 भी देखें)।

कल्पना करें कि यह पत्र थुआतीरा की मण्डली में पढ़ा जा रहा है। कल्पना करें कि ऊन के व्यापारी और चमड़े का काम करने वाले, जिनकी अंगुलियाँ सुइयों की चुभन और गठानों से भरी थीं, खड़े होकर यह सोच रहे हैं कि क्या वे अनैतिकता और मूर्तिपूजा की चुनौतियों के बीच स्थिर रह पाएँगे—और तभी स्वयं मसीह यह सरल प्रोत्साहन देता है: “थामे रहो।”

यह प्रतिज्ञा और यह उपदेश आपके लिए भी है। यद्यपि आप अपने चारों ओर की अनैतिकता और मूर्तिपूजा के सामने घिरे, निराश और असहाय अनुभव करें, मसीह में आप उस जीवन को थामे रह सकते हैं जो सच्चा जीवन है। वह आ रहा है, और वह आपको अपने साथ संसार पर राज्य करने के लिए स्वागत करेगा। जब आप “थामे रहते” और अनन्तता की ओर बढ़ते हैं, तब स्मरण रखें कि पवित्र लोगों की स्थिरता वास्तव में स्वयं परमेश्वर की स्थिरता है: वह आपको उस महिमामय दिन तक सुरक्षित रख सकता है।

  प्रकाशितवाक्य 2:18–29

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 1 इतिहास 22–24; लूका 3 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *