17 नवम्बर : भीतर का संकट

Alethia4India
Alethia4India
17 नवम्बर : भीतर का संकट
Loading
/

“मुझे तेरे विरुद्ध कुछ बातें कहनी हैं, क्योंकि तेरे यहाँ कुछ ऐसे हैं, जो बिलाम की शिक्षा को मानते हैं, जिसने बालाक को इस्राएलियों के आगे ठोकर का कारण रखना सिखाया कि वे मूर्तियों पर चढ़ाई गई वस्तुएँ खाएँ और व्यभिचार करें।” प्रकाशितवाक्य 2:14

हमारे विश्वास के सामने जो खतरे हैं, वे केवल बाहर से आने वाले दबाव तक ही सीमित नहीं हैं।

पिरगमुन की कलीसिया शैतान और बहुदेववाद के प्रलोभनों का सामना करने में सफल रही थी (प्रकाशितवाक्य 2:13)। परन्तु वे अपने भीतर की समस्याओं का ध्यान रखने में असफल रहे थे। कुछ लोगों की निष्ठा के बावजूद इन विश्वासियों ने ऐसी विधर्मिता को सहन किया जिसमें मूर्तिपूजा और यौन अनैतिकता का मेल था। यहाँ “बिलाम की शिक्षा” का उल्लेख किसी पुस्तक या सैद्धान्तिक-शिक्षा के संग्रह की ओर संकेत नहीं करता, बल्कि पुराने नियम के झूठे भविष्यद्वक्ता बिलाम की गतिविधि को स्मरण कराने के लिए है। उसने मिद्यान की स्त्रियों को यह सलाह दी कि वे इस्राएलियों को फुसलाएँ, जिससे वे परमेश्वर की प्रजा के बीच घुसपैठ कर विनाश ला सकें (गिनती 31:16)। एक व्याख्याकार लिखता है कि बिलाम की चतुर योजना इस्राएल की शक्ति को उनके नैतिक जीवन पर परोक्ष आक्रमण के द्वारा तोड़ने की थी: “अन्यजातियों का भोजन और अन्यजातियों की स्त्रियाँ मूसा की व्यवस्था की कठोरता के विरुद्ध उसके शक्तिशाली हथियार थे।”[1]

इस प्रकार बिलाम उन सब भ्रष्ट शिक्षकों का आदर्श बन गया जो उसके उदाहरण पर चले और जीवन के प्रति एक “व्यवस्था-विरोधी” दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया। “व्यवस्था-विरोधी” शब्द यूनानी भाषा के एण्टी (अर्थात् “विरुद्ध”) और नोमोस (अर्थात् “व्यवस्था”) से आया है—अर्थात् “व्यवस्था के विरुद्ध”; यह एक उच्छृंखल और स्वेच्छाचारी सोच का वर्णन करता है, जो पवित्रता, शुद्धता और यहोवा के भय को—जो बुद्धि का आरम्भ है—बाइबल की शिक्षा से अलग कर देता है (भजन 111:10; नीतिवचन 1:7; 9:10)।

पिरगमुन में कुछ विश्वासियों ने इस शिक्षा को पूरी तरह अपना लिया था, जबकि अन्य लोग केवल इसकी अनुमति दे रहे थे—परन्तु इसकी अनुमति देकर वे भी उतने ही दोषी ठहरे। जॉन स्टॉट लिखते हैं कि “पुनरुत्थित मसीह, अपनी भेड़ों का प्रधान चरवाहा, अल्पसंख्यकों के भटकने और बहुसंख्यकों की उदासीनता—दोनों से दुखी था।”[2] कार्यवाही न करने के कारण उन्होंने विधर्म के फैलने का मार्ग खोल दिया, जिससे परमेश्वर की प्रजा को भारी हानि हुई। इसलिए, यद्यपि बहुसंख्यकों की सही विश्वास के लिए सराहना की गई, तौभी उन्हें उन लोगों से गम्भीरता से न निपटने के कारण डाँटा भी गया जो गलत आचरण के दोषी थे।

यदि शैतान बाहरी चुनौतियों द्वारा कलीसिया में विनाश नहीं ला सकता, तो वह आन्तरिक समझौते के कपटी कार्य द्वारा ऐसा करने का प्रयास करेगा। इसलिए सावधान रहें। ऐसे “आत्मिक मार्गदर्शक” आसानी से मिल जाते हैं, जो आपको यह कहने को तैयार होंगे कि अपनी इच्छाओं को पूरा करना और अपने मन के पीछे चलना ठीक है। यह सच्ची मसीहियत नहीं है, क्योंकि सच्ची मसीहियत केवल सही विश्वास ही नहीं रखती, बल्कि मसीह की महिमा करते हुए और पवित्रता को बढ़ावा देते हुए सही आचरण भी करती है। और चुप रहना और भी सरल होगा, बजाय इसके कि नम्रता से अपनी कलीसिया में उन लोगों को चुनौती दी जाए जो पवित्रता से बढ़कर अपनी इच्छाओं को महत्त्व दे रहे हैं। इसलिए अपने आप से पूछें: मेरी आज्ञाकारिता के मार्ग में कौन-सी ठोकर रखी गई है? और किस ठोकर को पहचानने में प्रभु मुझे किसी और की सहायता करने के लिए बुला रहा है? हमारी कलीसिया की पवित्रता, और हमारी अपनी पवित्रता, हमारी चिन्ता का विषय होनी चाहिए।

  यहूदा 17–25

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 1 इतिहास 19–21; लूका 2:22-52


[1] ई. एम. ब्लैकलॉक, द सैवन चर्चेज़: एन एक्सपोज़िशन ऑफ़ रैवेलेशन, चैप्टर्स टू एण्ड थ्री (द इंस्टिट्यूट प्रिंटिंग एण्ड पब्लिशिंग सोसाइटी, तिथि अज्ञात), पृ. 35.

[2] व्हाट क्राइस्ट थिंक्स ऑफ़ द चर्च (हेरॉल्ड शॉ, 1990), पृ. 44.

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *