8 नवम्बर : भविष्यवाणी की पूर्ति

Alethia4India
Alethia4India
8 नवम्बर : भविष्यवाणी की पूर्ति
Loading
/

“यहोवा को यही भाया कि उसे कुचले; उसी ने उसको रोगी कर दिया . . . वह अपने प्राणों का दुख उठाकर उसे देखेगा और तृप्त होगा; अपने ज्ञान के द्वारा मेरा धर्मी दास बहुतेरों को धर्मी ठहराएगा; और उनके अधर्म के कामों का बोझ आप उठा लेगा।” यशायाह 53:10-11

मसीह के क्रूस पर चढ़ाए जाने के सुसमाचार-वृतान्तों के सबसे प्रभावशाली पक्षों में से एक यह है कि वे बार-बार यह दर्ज करते हैं कि उस दिन की घटनाओं ने सैकड़ों वर्ष पहले की गई पुराने नियम की भविष्यवाणियों को पूरा किया।

जब महायाजकों और शास्त्रियों ने यीशु को पिलातुस के हाथ में सौंपा, तो रोमी राज्यपाल उसके इस निर्णय से चकित था कि वह अपने बचाव में सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कह रहा था। जब पिलातुस ने पूछा, “क्या तू यहूदियों का राजा है?” तो यीशु ने रहस्यमय रूप से उत्तर दिया, “तू आप ही कह रहा है” (मत्ती 27:11)। जब धार्मिक अगुवे लगातार उस पर दोष लगाते रहे, तो पिलातुस ने फिर पूछा, “क्या तू कुछ उत्तर नहीं देता, देख ये तुझ पर कितनी बातों का दोष लगाते हैं?” (मरकुस 15:4-5)। फिर भी मसीह ने वही किया जिसकी भविष्यवाणी यशायाह 53:7 में की गई थी: उसने “अपना मुँह न खोला,” बल्कि चुपचाप मृत्यु-दण्ड की प्रतीक्षा की।

उस दिन बाद में, यीशु के अन्तिम साँस लेने से केवल कुछ घण्टे पहले, दोपहर का सूर्य अचानक और नाटकीय रूप से अन्धकार में छिप गया (मत्ती 27:45)। वहाँ उपस्थित यहूदी लोगों को उस घटना का महत्त्व समझ जाना चाहिए था क्योंकि सर्वप्रथम फसह के दौरान भी ऐसा ही हुआ था। वे जानते थे कि मिस्र में नौवीं विपत्ति, जो पहिलौठों की मृत्यु से पहले आई थी, अन्धकार की विपत्ति थी (निर्गमन 10:21-29)। क्रूस के दिन का अन्धकार उसी विपत्ति की प्रतिछाया था, जो यह दिखाता था कि लहू बहाया जाना आवश्यक है, एक मेमने का वध होना आवश्यक है, और उस न्याय से बचाव का प्रबन्ध होना आवश्यक है जिसकी घोषणा स्वयं अन्धकार कर रहा था।

सुसमाचार हमें दिखाते हैं कि यीशु जानता था कि वही वह प्रतिज्ञात मसीह है, जो हमारे पापों को उठाकर हमारा उद्धार करेगा। उसने यशायाह 53 के भविष्यवाणी-वचनों को अपने जीवन में पूरा किया, और सर्वशक्तिमान परमेश्वर की योजना के अनुसार अपनी इच्छा से कार्य किया, परमेश्वर के प्रेम को प्रकट करते हुए और उन लोगों के लिए सब कुछ बलिदान करते हुए जो न्याय के सिवा और किसी बात के योग्य नहीं थे।

जिस दिन मसीह क्रूस पर चढ़ाया गया, उस दिन पुराने नियम की भविष्यवाणियाँ उनकी आँखों के सामने पूरी हो रही थीं, और पिलातुस तथा यहूदियों के सामने सबसे बड़ा प्रश्न यही था, “मैं यीशु के साथ क्या करूँ?” और यही बड़ा प्रश्न हम सबके सामने हर दिन आता है। अपने स्वभाव से हम उसकी बुद्धि की उपेक्षा करते हैं, उसके अधिकार के विरुद्ध विद्रोह करते हैं, और उसकी भलाई पर सन्देह करते हैं। इसी कारण “यहोवा को यही भाया कि उसे कुचले,” क्योंकि परमेश्वर ने ठान लिया था कि वही हमारे “अधर्म के कामों का बोझ आप उठा लेगा।” जब हम यह जान जाते हैं कि परमेश्वर ने अपने पुत्र की पाप-वाहक मृत्यु की योजना सदियों पहले—यहाँ तक कि संसार की सृष्टि से पहले—बना ली थी, तो हमें घुटनों पर आ जाना चाहिए, न केवल परमेश्वर की प्रभुता की योजना के आश्चर्य में, बल्कि उस प्रेम के कारण भी जिसने यह योजना बनाई और उस प्रेम के कारण जिसका चरम बिन्दु कलवरी पर पहुँचा। मसीह पिलातुस के सामने चुप रहा; परन्तु हमारे पास कोई कारण या बहाना नहीं कि हम उसके सामने घुटनों के बल झुकते हुए और उसके द्वारा हमारे लिए किए गए सब कामों पर विचार करते हुए चुप रहें।

  लूका 4:16-21

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: एज्रा 3–5; 2 तीमुथियुस 2 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *