“इस संसार के धनवानों को आज्ञा दे कि वे अभिमानी न हों और चंचल धन पर आशा न रखें, परन्तु परमेश्वर पर जो हमारे सुख के लिए सब कुछ बहुतायत से देता है।” 1 तीमुथियुस 6:17
सुसमाचार के विषय में हमारी संस्कृति में एक बड़ा झूठ प्रचलित है, और कभी-कभी हम, कलीसियाएँ और व्यक्तिगत विश्वासी भी, अनजाने में उसे बढ़ावा भी देते हैं। वह घातक कल्पना यह है: यीशु के पास आने और सुसमाचार पर विश्वास करने का अर्थ है अब कोई आनन्द नहीं। मसीही जीवन एक नीरस जीवन है, एक छोटा जीवन—यहाँ तक कि एक निराशाजनक जीवन। परमेश्वर का धन्यवाद हो कि सच्चाई इससे कोसों दूर है!
पवित्रशास्त्र परमेश्वर को ऐसे पिता के रूप में वर्णित करता है जो अपने बच्चों को अच्छे दान देता है (मत्ती 7:11) और ऐसे परमेश्वर के रूप में, जो “हमारे सुख के लिए सब कुछ बहुतायत से देता है” और “जो लोग खरी चाल चलते हैं, उनसे वह कोई अच्छी वस्तु रख न छोड़ेगा” (भजन 84:11)। हमें यह स्पष्ट रखना चाहिए: पवित्रशास्त्र की गवाही यह नहीं कहती कि हम जो चाहें कर सकते हैं, और न यह संकेत देती है कि हम जो चाहें परमेश्वर हमें वह दे देगा। परन्तु यह बार-बार हमें बताती है कि हमारे पास एक उदार पिता है जो चाहता है कि उसके बच्चे उसकी बहुत सी आशिषों का आनन्द लें।
पौलुस अपने शिष्य तीमुथियुस को लिखी पहली पत्री में घोषित करता है कि “क्योंकि परमेश्वर की सृजी हुई हर एक वस्तु अच्छी है, और कोई वस्तु अस्वीकार करने के योग्य नहीं; पर यह कि धन्यवाद के साथ खाई जाए, क्योंकि परमेश्वर के वचन और प्रार्थना के द्वारा शुद्ध हो जाती है” (1 तीमुथियुस 4:4-5)। इसलिए मसीही मानक न तो कठोर संयम का है, न सन्यास का, और न ही भोग-विलास या उपभोक्तावाद का। नहीं, हमें परमेश्वर के वचन द्वारा यह सिखाया गया है कि हम अपनी आशा परमेश्वर पर रखें और जो कुछ वह हमें देता है, उसे उससे प्राप्त अच्छे दान समझकर आनन्दित हों। जीवन के प्रति यह दृष्टिकोण हमें अनन्त आनन्द के स्रोत तक ले जाता है।
निश्चय ही, हमारे पिता का महान दानी और हमारे सबसे बड़े खजाने के रूप में प्रकट होना, हमारी जीवनशैली को हमारे आस-पड़ोस के अनेक लोगों से पूर्णतः भिन्न कर देगा। जब हम यह सीखते हैं कि “लेने से देना धन्य है” (प्रेरितों 20:35), तब हम अपने लिए उतना अधिक नहीं रखते। जब हम यह समझ जाते हैं कि “सन्तोष सहित भक्ति बड़ी कमाई है” (1 तीमुथियुस 6:6), तब हमें अपनी खुशी को थोड़ी देर के लिए बढ़ाने हेतु नवीनतम यन्त्र या सबसे चमकीली गाड़ी की आवश्यकता नहीं रहती।
मसीही जीवन न तो नीरस है, न फीका, और न कभी रंगहीन। यद्यपि हमारा विश्वास हमें इस जीवन में कुछ भौतिक सुख-सुविधाओं को छोड़ने के लिए प्रेरित कर सकता है, परन्तु जो लोग अपना जीवन यीशु को दे देते हैं, उनके लिए अनकहे खजाने तैयार किए गए हैं। और इससे भी बढ़कर, स्वर्ग के वे खजाने स्वर्ग से आकर अलौकिक शान्ति और दृढ़ आनन्द के द्वारा हमें अभी आशीष देते हैं, जब हम अपने स्वर्गिक पिता के हाथ से मिले अच्छे दानों में आनन्दित होते हैं। सावधान रहें कि यह झूठ न मानें कि यीशु के पीछे चलने वाला जीवन आपको उस आनन्द से कम देता है जिसे आप अन्यथा भोग सकते थे। और न ही अपने चारों ओर के लोगों के सामने इस असत्य का प्रचार करें।
1 थिस्सलुनीकियों 1:2-10
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: नहूम; कुलुस्सियों 2 ◊