15 सितम्बर : दीन विश्वासयोग्यता

Alethia4India
Alethia4India
15 सितम्बर : दीन विश्वासयोग्यता
Loading
/

“जब हामान भीतर आया, तब राजा ने उससे पूछा, ‘जिस मनुष्य की प्रतिष्ठा राजा करना चाहता हो तो उसके लिए क्या करना उचित होगा?’ हामान ने यह सोचकर, कि मुझ से अधिक राजा किसकी प्रतिष्ठा करना चाहता होगा’ . . . राजा ने हामान से कहा, ‘फुर्ती करके अपने कहने के अनुसार उस वस्त्र और उस घोड़े को लेकर, उस यहूदी मोर्दकै से जो राजभवन के फाटक में बैठा करता है, वैसा ही कर। जैसा तू ने कहा है उसमें कुछ भी कमी होने न पाए।’” एस्तेर 6:6, 10

यह बाइबल के उन महान क्षणों में से एक है जो मन को स्तब्ध कर देते हैं।

हामान एक घमण्डी और धृष्ट व्यक्ति था, और इसी कारण उसने एक बड़ी भूल की। जब उसने सुना कि एक “मनुष्य की प्रतिष्ठा राजा करना चाहता” है, तो उसने मान लिया कि वह मनुष्य वह स्वयं है। इसलिए उसने राजसी वस्त्रों, राजसी घोड़े, मुकुट और सार्वजनिक प्रशंसा से सम्बन्धित एक महिमामय योजना प्रस्तुत की, क्योंकि उसके मन में अपने सिवा कोई और नहीं था (एस्तेर 6:8-9)। हम कल्पना कर सकते हैं कि जब राजा ने उससे कहा, “फुर्ती करके अपने कहने के अनुसार उस वस्त्र और उस घोड़े को लेकर . . .” तब हामान का हृदय कैसे फूल उठा होगा। और फिर उसने सुना . . . “उस यहूदी मोर्दकै से जो राजभवन के फाटक में बैठा करता है, वैसा ही कर।”

वह नाम सुनते ही हामान के हृदय पर कैसा आघात पहुँचा होगा!

उस दिन हामान मौर्दकै को फाँसी पर लटकाने निकला था (एस्तेर 6:4)। और अब उसे आदेश दिया जा रहा था कि वह उसी मनुष्य को सार्वजनिक स्थान से होकर घुमाए, और उस एक व्यक्ति के लिए—जिससे वह सबसे अधिक घृणा करता था—राजा के उदार पुरस्कार की घोषणा करे। क्या चित्र है! क्या दृश्य है!

इसके विपरीत, मौर्दकै के जीवन की दीनता और सामान्यता केवल एक वाक्य में प्रकट होती है: “तब मोर्दकै तो राजभवन के फाटक में लौट गया” (एस्तेर 6:12)। मौर्दकै ने हामान की तरह अपनी तुरही नहीं बजाई, जैसा हामान ने रानी एस्तेर के पहले भोज से निकलते समय किया था (एस्तेर 5:11-12)। यद्यपि मौर्दकै को नगर में घुमाया गया—एक अकल्पनीय सम्मान, राजा के घोड़े पर एक अकल्पनीय सवारी—फिर भी वह लौटकर वहीं बैठ गया जहाँ वह सदा बैठता था।

दीन विश्वासयोग्यता में कुछ आकर्षक होता है—प्रतिदिन वही करना जो हमें करना है, प्रशंसा की आशा में नहीं, बल्कि इसलिए कि वही सही है। उस समय यह बहुत बड़ा कार्य प्रतीत नहीं होता। फिर भी, जब बच्चे और पोते-पोतियाँ अपने विश्वासयोग्य माता-पिता और दादा-दादी के जीवन पर विचार करते हैं, तो वे अक्सर कहते हैं, “वह सदा यही करती थीं,” “वह सदा वहीं बैठते थे,” “यही वह समय था जब वह सदा प्रार्थना करती थीं,” या “उनकी बाइबल सदा यहीं रहती थी।”

मौर्दकै ने सही कार्य इसलिए किया क्योंकि वह सही था, न कि इसलिए कि वह पहचाना जाए या सम्मानित किया जाए। आज, यह पर्याप्त होने दें कि आप परमेश्वर की दृष्टि में जो सही है वही करें—चाहे आपके आस-पास के लोग आपको आदर दें, जैसे मौर्दकै को दिया गया, या आप इतिहास के अनेक विश्वासयोग्य विश्वासियों की तरह शीघ्र ही भुला दिए जाएँ। एक दिन सब तराजू फिर से ठीक किए जाएँगे, और जहाँ आदर बाकी है वहाँ आदर दिया जाएगा। तब तक, किसी भी घमण्डी भिन्नता की खोज को अलग रख दें, और अपनी प्रतिदिन की साधारण दिनचर्या में विश्वासयोग्यता और दीनता के साथ बने रहें।

  एस्तेर 6:1-11

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: विलापगीत 1–2; यूहन्ना 6:22-51 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *