3 सितम्बर : स्वर्ग का एक स्वाद

Alethia4India
Alethia4India
3 सितम्बर : स्वर्ग का एक स्वाद
Loading
/

“अतः अब जो मसीह यीशु में हैं, उन पर दण्ड की आज्ञा नहीं।” रोमियों 8:1

हमारे युग की बड़ी और घातक विधर्मताओं में से एक “समृद्धि का सुसमाचार” है। इस झूठी शिक्षा के समर्थक पुरुषों और स्त्रियों को यह विश्वास दिलाने का प्रयास करते हैं कि यदि उनके पास पर्याप्त विश्वास हो या वे उन्हें थोड़ा और धन दे दें, तो उनके लिए स्वास्थ्य, धन और सामान्य समृद्धि जैसी बड़ी भौतिक आशिषें निश्चित हैं। परन्तु परमेश्वर ने ऐसी कोई प्रतिज्ञा कभी नहीं की। ऐसी समृद्धि की प्रतिज्ञाएँ हमारे लिए, जरूरी नहीं है कि अभी के लिए हैं, बल्कि अनन्तकाल में रखी गई हैं। अनेक विश्वासियों के जीवन झूठे शिक्षकों द्वारा नष्ट कर दिए गए हैं, जिन्होंने अभी वह देने का वादा किया जो परमेश्वर केवल अनन्तकाल में देने का वचन देता है।

परन्तु समृद्धि के सुसमाचार से सावधान रहते हुए, हमें इस महिमामय सत्य को नहीं भूलना चाहिए कि मसीह में स्वर्ग की कुछ आशिषें हमारे सांसारिक जीवन में अभी भी प्रवेश करती हैं। वास्तव में, परमेश्वर की दया की सबसे प्रचुर वर्षा में से एक अभी हमारी है: “अतः अब जो मसीह यीशु में हैं, उन पर दण्ड की आज्ञा नहीं।” निश्चय ही, अपने सृष्टिकर्ता के साथ अभी मेल में लाया जाना—और वह भी अनन्तकाल के लिए—इससे अधिक आकर्षक प्रस्ताव शायद ही कोई हो।

“दण्ड की आज्ञा नहीं” की यह अवस्था केवल वह नहीं है जिसकी हम आकांक्षा करते हैं और जिसे हम अन्ततः प्राप्त करेंगे। पौलुस कहता है कि यह धन्य स्थिति अभी हमारे लिए है। यदि हम “मसीह यीशु में” हैं, अर्थात विश्वास के द्वारा उससे एक किए गए हैं, तो हम पहले ही परमेश्वर के साथ मेल में प्रवेश कर चुके हैं। हम पहले ही अनुग्रह में खड़े हैं, दण्ड में नहीं।

अनुग्रह में खड़े होने और दण्ड में खड़े होने के बीच कोई मध्य भूमि नहीं है। यदि हम धर्मी नहीं ठहराए गए—यदि हम मसीह के बल पर धर्मी घोषित नहीं किए गए—तो हम दण्ड के अधीन हैं। यीशु इसे हमारे लिए स्पष्ट शब्दों में कहता है: “जो उस पर विश्‍वास करता है, उस पर दण्ड की आज्ञा नहीं होती, परन्तु जो उस पर विश्‍वास नहीं करता, वह दोषी ठहर चुका; इसलिए कि उसने परमेश्‍वर के एकलौते पुत्र के नाम पर विश्‍वास नहीं किया” (यूहन्ना 3:18)। खड़े होने के लिए और कोई मध्य भूमि नहीं है।

परन्तु किसी मध्य भूमि में खड़े होने का प्रयास करने की कोई आवश्यकता भी नहीं है। जो पापी मन फिराव और विश्वास के साथ यीशु की ओर मुड़ता है, उसकी वर्तमान वास्तविकता जीवित आशा में बदल जाती है; परमेश्वर उसे मृत्यु से जीवन में ले आता है। वह उसे अपने अनुग्रह की मिट्टी में रोपता है, जहाँ वह उसे स्थिर आशा से पोषित करता है। वे उसकी दया की अनन्त मुस्कान के नीचे दृढ़ता से जड़ पकड़ लेते हैं। इससे बढ़कर और कौन-सी समृद्धि हो सकती है?

हम में से अधिकांश के लिए यह देखना आसान है कि हमारे पास क्या नहीं है। शायद आज आपके पास यह इच्छा करने का कारण हो कि परमेश्वर आपको अभी अधिक स्वास्थ्य या धन, या अधिक समय, या भिन्न सम्बन्ध दे। परन्तु एक क्षण के लिए ठहरें और देखें कि आपके पास क्या है जिसे आप खो नहीं सकते। आप परमेश्वर की मुस्कान का आनन्द लेते हैं। आप कभी भी उसके दण्ड का सामना नहीं करेंगे। यही उसकी प्रतिज्ञा है, और संसार जो कुछ भी दे सकता है, यह उससे कहीं अधिक मूल्यवान है—और जो कुछ वह प्रतिज्ञा करता है, उसे वह पूरा भी करता है।

  यूहन्ना 3:10-21

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 140–142; 2 कुरिन्थियों 12 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *