31 अगस्त : सही सोच का सामर्थ्य

Alethia4India
Alethia4India
31 अगस्त : सही सोच का सामर्थ्य
Loading
/

“इसलिए हे भाइयो, जो जो बातें सत्य हैं, और जो जो बातें आदरणीय हैं, और जो जो बातें उचित हैं, और जो जो बातें पवित्र हैं, और जो जो बातें सुहावनी हैं, और जो जो बातें मनभावनी हैं, अर्थात् जो भी सद्‌गुण और प्रशंसा की बातें हैं उन पर ध्यान लगाया करो।” फिलिप्पियों 4:8

हम में से बहुत से लोग दिन का आरम्भ चिन्तित विचारों के साथ करते हैं। “परमेश्‍वर की शान्ति, जो सारी समझ से परे है” (फिलिप्पियों 4:7), मानो रात के मध्य में या जब हम भोर को आँखें खोलते हैं, हम तक पहुँच ही नहीं पाती। इसके बजाय, जैसे ही भोर होती है, हम अपने आप से कहते हैं, “सोचने को कितना कुछ है। मेरे मन में कितनी बातें घूम रही हैं। मेरे सामने कितनी चुनौतियाँ हैं।” ऐसे विचार बहुत आसानी से चिन्ता उत्पन्न करते हैं और प्रार्थना के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को शिथिल कर देते हैं।

पौलुस इन थका देने वाली, यहाँ तक कि पंगु बना देने वाली भावनाओं पर विजय पाने में हमारी सहायता करता है, जब वह हमारी दृष्टि उन गुणों की ओर मोड़ता है जो हमारी सोच को स्वतन्त्र कर देंगे। जिस मन में फिलिप्पियों 4:8 में वर्णित विषय भरे होंगे, उसमें चिन्ता उत्पन्न करने वाले, शान्ति भंग करने वाले और आनन्द नष्ट करने वाले विचारों के लिए बहुत कम स्थान रह जाता है।

जिस बात को पौलुस अपने पाठकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा था, वह सोचने की एक विशिष्ट मसीही रीति है। मसीही मन, जैसा कि उसने सिखाया, वह नहीं है जो केवल “मसीही विषयों” के बारे में ही सोचने के लिए प्रशिक्षित हो, बल्कि वह है जिसने हर बात को मसीही दृष्टिकोण से सोचना सीख लिया हो। अन्ततः, हम वही हैं जिसके विषय में हम सोचते हैं। हमारे मन में ही हमारी भावनाएँ जागृत होती हैं, और हमारे मन के द्वारा ही हमारी इच्छाएँ दिशा पाती हैं। मन में ही हम हर कार्य की कल्पना करते हैं और उसे उत्पन्न करते हैं। इसलिए यह अत्यन्त आवश्यक है कि हम सही और भक्तिपूर्ण बातों के विषय में सोचना सीखें।

बाइबल केवल मानसिक चिन्तन को उसके अपने लिए महत्त्व नहीं देती। मसीही लोगों को इसलिए नहीं बुलाया गया कि वे किसी ऊँची पहाड़ी पर बैठकर, दैनिक जीवन की दिनचर्या से अलग होकर, अमूर्त रूप में धन्य विचार सोचते रहें। इसके विपरीत, पौलुस हमें एक ऐसी सूची देता है जो हमारे उद्देश्यों, हमारे आचरण और हमारे नैतिक जीवन को दृढ़ करेगी। हम में से प्रत्येक को ऐसा जीवन जीने के लिए बुलाया गया है जो वास्तविक है कृत्रिम नहीं; गम्भीर है तुच्छ नहीं; सही है सुविधाजनक नहीं; शुद्ध है अशुद्ध नहीं; प्रेमपूर्ण है कलहपूर्ण नहीं; और सहायक है आलोचनात्मक नहीं। संक्षेप में, हमें यीशु के समान सोचने के लिए बुलाया गया है।

फिर भी, पौलुस आपको केवल अपने बल पर खड़े होने के लिए नहीं बुला रहा है। यह इस सूची को निभाने के लिए बस अपनी पूरी कोशिश करने का कोई नारा नहीं है। आत्म-प्रयास के द्वारा पवित्रीकरण परमेश्वर की योजना नहीं है। जिस बहुआयामी सद्‌गुण की बात पौलुस करता है, वह उद्धार के वृक्ष पर उगने वाला फल है। यह फल उन लोगों में प्रकट होता है जिनकी जड़ें अनुग्रह में गहराई से जमी हुई हैं। इसलिए अपने हृदय को परमेश्वर के अनुग्रह से जकड़ने दें, और अपने मन को उस पर ध्यान लगाने का अभ्यास कराएँ जो वास्तव में प्रशंसा के योग्य है। जब ये प्रभाव एक साथ मिलते हैं, तो आपका जीवन ऐसा होगा जो परमेश्वर की महिमा करेगा। यह लक्ष्य रखें कि कल जब आप जागें, तो सबसे पहले उसके अनुग्रह और इस फल के विषय में ही सोचें।

  लूका 6:43-49

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 132–134; 2 कुरिन्थियों 10

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *