26 अगस्त : भ्रम का सूक्ष्म प्रभाव

Alethia4India
Alethia4India
26 अगस्त : भ्रम का सूक्ष्म प्रभाव
Loading
/

“क्योंकि बहुत से लोग निरंकुश, बकवादी और धोखा देने वाले हैं; विशेष करके खतना वालों में से। इनका मुँह बन्द करना चाहिए। ये लोग नीच कमाई के लिए अनुचित बातें सिखाकर घर के घर बिगाड़ देते हैं।” तीतुस 1:10-11

व्यर्थ की बातें करने वालों के खतरे से सावधान रहें।

क्रेते की कलीसिया विश्वास-समुदाय के भीतर के ही कुछ ऐसे लोगों से संकट में थी, जो विद्रोह से चिह्नित थे। वे उन लोगों के समान थे जो सेना में भर्ती तो हो जाते हैं, ड्यूटी के लिए रिपोर्ट करते हैं और वर्दी पहन लेते हैं, परन्तु जैसे ही युद्ध आरम्भ होता है, वे अपने अधिकारी की आज्ञा मानने से इनकार कर देते हैं।

ऐसे निरंकुश लोगों को पौलुस “बकवादी” कहता है। वे किसी विषय में बात नहीं करते, परन्तु उसे इस प्रकार प्रस्तुत करते हैं मानो वही सबसे महत्त्वपूर्ण बात है जिसे आपने अपने जीवन में कभी सुना है। वे पवित्रशास्त्र की मुख्य और स्पष्ट बातों से हटकर सबको हाशिए की बातों पर, अपनी विशेषताओं पर ध्यान लगाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। और चौंकाने वाली बात यह है कि यद्यपि वे “धोखा देने वाले” हैं, फिर भी वे लोगों को अपने पीछे खींचने में सक्षम हो जाते हैं।

कुछ लोग इस प्रकार की निरर्थकता के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील होते हैं। जब तक बाजार में किसी वस्तु की माँग न हो, तब तक वह वस्तु बिक नहीं सकती। यदि कोई मण्डली सत्य में अच्छी तरह शिक्षित नहीं है, और यदि उसके पास तीतुस 1:5-9 में वर्णित प्रकार के प्राचीन नहीं हैं जो झुण्ड की रक्षा करें, तो उसमें ऐसे व्यक्तियों के उठ खड़े होने का खतरा पैदा हो जाएगा जो विश्वासियों के बीच से उठकर विश्वासयोग्य लोगों को भटकाने का प्रयास करते हैं।

जरूरी नहीं है कि सबसे बड़ा खतरा आवश्यक विश्वास-समुदाय के बाहर से होने वाला खुला आक्रमण हो। अधिकतर यह भीतर से, धीरे-धीरे और सूक्ष्म रूप से आता है। इस प्रकार से धोखा देने वाले लोगों को सरलता से पहचानना सदा आसान नहीं होता। वे यह नहीं कहेंगे, “मेरे पीछे आओ, मैं सत्य से दूर जा रहा हूँ।” बल्कि वे कहते हैं, “मेरे पीछे आओ, क्योंकि मैं उन मुख्य शिक्षाओं को जानता हूँ जिन पर आपको विश्वास करना चाहिए। आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आप ये काम करें और वे काम न करें।”

सुसमाचार यह अद्‌भुत गाथा है कि यीशु और उसके क्रूस के कार्य के द्वारा परमेश्वर अपनी सन्तान के जीवनों को पूरी तरह बदल देता है। हमारे हृदयों में इस परिवर्तन के साथ-साथ, वह हमें अपने वचन का अटल सत्य भी देता है—और वह सत्य कलीसिया और उसके प्राचीनों के लिए हमारी प्रार्थनाओं के योग्य है। वह हमारी पूरी शक्ति से रक्षा किए जाने के योग्य है। इसलिए पौलुस के शब्द हमें धोखा देने वाले बकवादियों से सावधान रहने और अपने ही हृदय की जाँच में सतर्क रहने की याद दिलाएँ। उन लोगों की सुनें जिनके शब्द अनुग्रह और सत्य से परिपूर्ण हैं, और यह भी सुनिश्चित करें कि आपके अपने शब्द सच्चे मसीही जीवन की इन दोनों पहचानों से भरे हों।

  तीतुस 1:5-16

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:89-176; 2 कुरिन्थियों 5 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *