22 अगस्त : पवन के पीछे दौड़ना

Alethia4India
Alethia4India
22 अगस्त : पवन के पीछे दौड़ना
Loading
/

“मनुष्य जो धरती पर मन लगा लगाकर परिश्रम करता है उससे उसको क्या लाभ होता है?” सभोपदेशक 2:22

बीते कई वर्षों में मैं अनेक माता-पिताओं के साथ बैठा हूँ जो अपने बच्चों के गलत मार्गों के सम्भावित परिणामों को लेकर व्याकुल थे। इन सब माताओं और पिताओं को अपने पुत्र या पुत्री के चुनावों से निराशा हुई थी, और बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि उनकी निराशा इस विश्वास पर आधारित थी कि यदि उनका बच्चा बस उन्हीं की तरह होता तो सब कुछ कहीं अधिक अच्छा होता। और गहराई से पूछने पर यह सामने आया कि उनका अभिप्राय यह था कि सब कुछ तब बेहतर होता यदि उनका बच्चा अपना जीवन पूरी तरह अपने काम को ही समर्पित कर देता।

पवित्रशास्त्र का निष्कर्ष उस जीवन के विषय में स्पष्ट है जो केवल श्रम के लिए ही समर्पित हो: वह सब व्यर्थ है और पवन के पीछे दौड़ना है। इसका यह अर्थ नहीं कि काम अप्रासंगिक या अनुपयोगी है। काम परमेश्वर से आता है, इसलिए वह अच्छा है—परन्तु केवल तब, जब उसे सही रीति से किया जाए। परन्तु सुलेमान चेतावनी देता है कि जब काम ही आपके जीवन की सम्पूर्णता बन जाता है, तब आपके “सब दिन तो दुखों से भरे रहते हैं,” और “रात को भी” आपका “मन चैन नहीं पाता” (सभोपदेशक 2:23)। काम-लोलुप लोग रात में जाग उठते हैं और अपने बिस्तर पर करवटें बदलते रहते हैं। उन्हें सोने के लिए गोलियों की आवश्यकता पड़ती है, जागने के लिए गोलियाँ, और दिन भर चलने के लिए गोलियाँ खानी पड़ती हैं। और यदि “गोलियाँ” आपके लिए दूर की बात है, तो बस उसे किसी भी ऐसे उपाय से बदल दीजिए जिसे आप लोगों को अपनाते हुए देखते हैं—या स्वयं अपनाते हैं—ताकि आप अपना दिमाग बन्द कर सकें और फिर से चालू कर सकें।

जब जीवन इस प्रकार जिया जाता है, तो अन्ततः सब कुछ ढह जाता है। समय के साथ, जो लोग अपने आप को अपनी सम्पत्तियों के लिए समर्पित कर देते हैं, वे उन्हीं में और अधिक उलझते चले जाते हैं। वस्तुओं के कारण अपनी आत्मा खो देना समझदारी नहीं है। फिर भी, जैसा कि यीशु ने सिखाया, चट्टान पर अपना घर बनाने का एक तरीका है (मत्ती 7:24-27)। जीवन की यात्रा में—यहाँ तक कि काम में भी—केवल वही दृढ़ आनन्द और स्थाई धन पाए जाते हैं जो परमेश्वर में व्यक्तिगत और जीवित विश्वास से प्राप्त होते हैं।

इसलिए, “आज चुन लो कि तुम किस की सेवा करोगे” (यहोशू 24:15): धन और व्यर्थ महत्वाकांक्षा की मूर्तियों की, या स्वर्ग के परमेश्वर की। यह सुनिश्चित करें कि अपने हृदय को तैयार कर लें और अपना चुनाव उस समय से पहले कर लें जब आप अपनी मेज़ पर बैठें या कारखाने में खड़े हों, और अपने आप को पूरी तरह अपने काम को सौंप देने के लिए प्रलोभित हों। मन से प्रार्थना करें, “प्रभु यीशु, मैं अपनी आशा को अपने व्यवसाय की उपलब्धियों या धन के संचय में नहीं रखना चाहता। प्रभु यीशु, मेरा उद्धारकर्ता बन और मुझे दिखा कि आज मैं तेरे साथ कैसे जीवन जीऊँ, तू ही मेरा सान्त्वनादाता है और मेरी तृप्ति का स्रोत हो।” यही वह मार्ग है जिससे कोई अपने काम में कठोर परिश्रम तो करे, पर उसकी पूजा न करे।

  सभोपदेशक 2

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 110–112; 2 कुरिन्थियों 1 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *