18 अगस्त : जलते दीपक

Alethia4India
Alethia4India
18 अगस्त : जलते दीपक
Loading
/

“सब काम बिना कुड़कुड़ाए और बिना विवाद के किया करो, ताकि तुम निर्दोष और भोले होकर टेढ़े और हठीले लोगों के बीच परमेश्‍वर के निष्कलंक सन्तान बने रहो, जिनके बीच में तुम जीवन का वचन लिए हुए जगत में जलते दीपकों के समान दिखाई देते हो कि मसीह के दिन मुझे घमण्ड करने का कारण हो कि न मेरा दौड़ना और न मेरा परिश्रम करना व्यर्थ हुआ।” फिलिप्पियों 2:14-16

हम सब ऐसे लोगों को जानते हैं जो किसी कमरे में प्रवेश करते ही उसे उज्ज्वल कर देते हैं—ऐसे स्त्री-पुरुष जिनमें ऐसे गुण होते हैं जो उन्हें आकर्षक और प्रभावशाली बनाते हैं। वे हमारे मन को प्रसन्न कर देते हैं। कुछ कारण ऐसे होते हैं जिन्हें हम सदा शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाते, परन्तु उनके समीप रहना हमें अच्छा लगता है।

मसीहियों के रूप में, हमें भी अपने आस-पास के लोगों पर ऐसा ही प्रभाव डालने का प्रयास करना चाहिए। इसका यह अर्थ नहीं कि हमें अपने स्वभाव को बदलकर वह बन जाएँ जो हम में से अधिकांश नहीं हैं, और हर सभा की जान बनने का प्रयत्न करें! विश्वासियों के रूप में हमारा प्रयत्न व्यक्तित्व, करिश्मा, या हास्य-बोध के विषय में नहीं है। यह नैतिक पवित्रता के विषय में है। यही वह बात है जिसे यीशु ने तब कहा था जब उसने अपने चेलों से कहा कि वे “जगत की ज्योति” हैं: उन्हें ऐसा जीवन जीना था कि लोग उनके भले कामों को देखकर परमेश्वर की महिमा करें (मत्ती 5:14-16)। यही बात पौलुस के मन में भी थी जब उसने अपने फिलिप्पी के मित्रों से कहा कि वे “टेढ़े और हठीले लोगों के बीच” के बीच “जगत में जलते दीपकों के समान” चमकें। दूसरे शब्दों में, मसीही लोगों का चरित्र न केवल दिखाई देने योग्य होना चाहिए, बल्कि उज्ज्वल भी होना चाहिए।

परमेश्वर की प्रजा के रूप में हम जीवते परमेश्वर की आराधना करने, उसके वचन से शिक्षा पाने, और उसके अनुग्रह में दृढ़ होने के लिए एकत्र होते हैं—परन्तु इसलिए नहीं कि फिर हम घर जाकर चुप हो जाएँ! जब हमारी मसीहियत का प्रभाव कलीसिया की इमारत के द्वार पर ही रुक जाता है, तब वह किसी के लिए भी बहुत उपयोगी नहीं रह जाती। हम सामूहिक आराधना से निकलकर ऐसे संसार में प्रवेश करते हैं जो असंख्य प्रकार से अन्धकारमय और भ्रमित है, और इसलिए हमें यह निश्चय करके निकलना चाहिए कि हम उस संसार में उज्ज्वल, चमकती हुई विश्वासयोग्यता के साथ जीवन बिताएँगे।

प्राचीन संसार में तारों का उपयोग मार्गदर्शन के लिए किया जाता था। लोग बाहर निकलते, ऊपर देखते, और आकाश के द्वारा अपना मार्ग निर्धारित करते थे। पौलुस चाहता था कि उसके पाठक आकाश के तारों के समान उपयोगी हों और एक ऐसे संसार के लिए मार्गदर्शक बनें जिसे यह नहीं पता कि किस ओर मुड़ना है, और सब जीवन के महान ध्रुव तारे की ओर संकेत करें: उसी की ओर जिसने तारों को बनाया।

इस प्रकार जीवन बिताने के लिए, हमें जीवन के वचन को अपने मार्ग के लिए ज्योति के समान दृढ़ता से थामे रहना होगा। हमारे अपने कदम परमेश्वर के सत्य और अधिकारपूर्ण वचन के द्वारा संचालित होने चाहिएँ। हमें इस जीवन के वचन को आगे भी रखना है। यीशु का शुभ समाचार परमेश्वर के वचन में निहित है, और इसलिए हमें अपने पड़ोसियों और मित्रों को वही वचन देने के लिए तैयार रहना चाहिए, यह जानते हुए कि वह व्यर्थ लौटकर नहीं आएगा (यशायाह 55:11)। जैसे तारे प्रकाश फैलाते हैं, वैसे ही हमें सुसमाचार से भरे जीवन को आगे बढ़ाना है।

यदि हम परमेश्वर के अनुग्रह से कुड़कुड़ाहट, अशुद्धता, और स्वार्थ के प्रलोभनों का विरोध करें, और यदि हम परमेश्वर के अनुग्रह से आनन्द, सन्तोष, और आशा के साथ जीवन बिताएँ, और हर समय उसके वचन को थामे रहें, तो हम निश्चय ही अपने पड़ोसियों के भले और परमेश्वर की महिमा के लिए चमकेंगे। आपको अन्धकार में चमकने के लिए बुलाया गया है। आज ऐसा करना अवश्य सुनिश्चित करें।

  मत्ती 5:14-16

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 100–102; गलातियों 3 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *