“जब वे सूफ नामक देश में आए, तब शाऊल ने अपने साथ के सेवक से कहा, ‘आ, हम लौट चलें, ऐसा न हो कि मेरा पिता गदहियों की चिन्ता छोड़कर हमारी चिन्ता करने लगे।’ उसने उससे कहा, ‘सुन, इस नगर में परमेश्वर का एक जन है जिसका बड़ा आदरमान होता है; और जो कुछ वह कहता है वह बिना पूरा हुए नहीं रहता। अब हम उधर चलें, सम्भव है वह हम को हमारा मार्ग बताए कि किधर जाएँ।’” 1 शमूएल 9:5-6
शाऊल, जो आगे चलकर इस्राएल का पहला राजा बनने वाला था, अपने सेवक के साथ कई दिनों से अपने पिता की खोई हुई गदहियों को ढूँढ़ रहा था, परन्तु उन्हें सफलता नहीं मिली थी। शाऊल “लौट चलने” को तैयार था—परन्तु उसका सेवक अभी हार मानने को तैयार नहीं था। इसके स्थान पर उसने सुझाव दिया कि वे “परमेश्वर के जन” से सलाह लें, कि वह उन्हें उनका “मार्ग बताए कि किधर जाएँ।’” शाऊल ने सहमति दी, और शीघ्र ही उनकी खोज उन्हें भविष्यद्वक्ता शमूएल से मिलने तक ले गई, जहाँ शाऊल का इस्राएल के राजा के रूप में अभिषेक किया जाना था (1 शमूएल 10:1-8)।
हम यह सोच सकते हैं कि सेवक ही थका हुआ होकर घर लौटने की सलाह देता, और भविष्य का राजा भविष्यद्वक्ता से मिलने का प्रस्ताव रखता—परन्तु वास्तविकता इसके विपरीत थी। बाइबल यह आभास देती है कि यह सेवक परमेश्वर की कार्यविधियों के प्रति संवेदनशील था और यह समझने लगा था कि गदहियों की यह खोज किसी कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण बात में बदल रही है।
यह कितना अद्भुत है! यह सेवक कौन था? हम उसका नाम तक नहीं जानते। फिर भी वह परमेश्वर की प्रकट होती योजना में अत्यन्त महत्त्वपूर्ण था।
वास्तव में, पूरी बाइबल में हम देखते हैं कि परमेश्वर उन लोगों का उपयोग करता है जिन्हें सांसारिक मानकों के अनुसार तुच्छ समझा जा सकता था, परन्तु जिनकी आत्मिक समझ के कारण महत्त्वपूर्ण परिवर्तन हुए। उदाहरण के लिए, 2 राजाओं 5:1-14 एक छोटी लड़की का वर्णन करता है, जिसे तब बन्दी बनाकर ले जाया गया जब सीरिया की सेना ने इस्राएल पर धावा बोलकर लड़कियों को दासियाँ बना लिया था। वह एक कोढ़ी सेनापति नामान के घर में दासी के रूप में रहने लगी। वहीं उसने नामान के जीवन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई, जब उसने सुझाव दिया कि वह इस्राएल के भविष्यद्वक्ता एलीशा के पास जाए। अन्ततः इसके परिणामस्वरूप उसने चमत्कारिक ढंग से चंगाई प्राप्त की। सैकड़ों वर्ष बाद, परमेश्वर ने अपने पुत्र को धारण करने का सौभाग्य एक अविवाहित युवती को दिया, जो एक साधारण प्रान्तीय नगर में रहती थी; और शक्तियों और प्रभाव के केन्द्रों से दूर रहने वाले चरवाहों को यह दायित्व दिया कि वे सबसे पहले मनुष्यों में यह समाचार फैलाएँ कि मसीह का जन्म हुआ है।
जीवते परमेश्वर के सेवकों के तौर पर ऐसी कहानियाँ हमें स्मरण दिलाती हैं कि हमारे नाम या हमारी योग्यताएँ महत्त्वपूर्ण नहीं हैं; बल्कि वह कार्य महत्त्वपूर्ण है जिसके लिए परमेश्वर हमें बुलाता है, और जिसे वह अपनी महिमामय, अनन्त योजनाओं में समाहित करता है। यह कम न आँकें कि आज आपके मुख से निकला हुआ उत्साहवर्धन, उपदेश, या साक्ष्य का कोई शब्द हमारे प्रभु द्वारा उसकी योजनाओं के प्रकट होने में कैसे उपयोग किया जा सकता है।
मरकुस 12:41-44
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 87– 88; 1 पतरस 3