“वरन् तेरा घराना और तेरा राज्य मेरे सामने सदा अटल बना रहेगा; तेरी गद्दी सदैव बनी रहेगी।” 2 शमूएल 7:16
परमेश्वर ने दाऊद के साथ वाचा बाँधी, यह प्रतिज्ञा करते हुए कि उसका राज्य सदा बना रहेगा। और फिर भी दाऊद के पुत्र सुलैमान के राज्य के बाद उसका राज्य विभाजित हो गया, और कुछ सौ वर्षों बाद ही उत्तरी राज्य और दक्षिणी राज्य दोनों नष्ट हो गए (2 राजाओं 17 और 25)।
जो लोग उसके बाद आई बन्धुवाई की पीढ़ियों में रहते थे, उनके लिए दाऊद से की गई परमेश्वर की प्रतिज्ञा एक परीकथा सी प्रतीत होती होगी। उनके अनुभव में किसी महान इस्राएली राज्य या राजा के उदय का कोई प्रमाण नहीं था। भजन 89, जो इसी समय में लिखा गया था, परमेश्वर की विश्वासयोग्यता से आरम्भ होता है परन्तु लोगों की विपत्तियों पर समाप्त होता है: “हे प्रभु, तेरी प्राचीनकाल की करुणा कहाँ रही, जिसके विषय में तू ने अपनी सच्चाई की शपथ दाऊद से खाई थी? हे प्रभु, अपने दासों की नामधराई की सुधि ले; मैं तो सब सामर्थी जातियों का बोझ लिए रहता हूँ” (भजन 89:49-50)। उस दुख और निराशा के सन्दर्भ में भविष्यद्वक्ताओं ने लोगों को स्मरण दिलाते हुए कहा, ठहरो! यद्यपि ऐसा प्रतीत नहीं होता कि परमेश्वर की प्रतिज्ञा अब भी प्रभाव में है, फिर भी आप निश्चय जानो कि वह है, क्योंकि उसकी वाचा की प्रेममय करुणा चिरस्थाई है। आगे और भी बहुत कुछ होना बाकी है। उन्होंने भविष्य के विषय में कहा:
क्योंकि हमारे लिए एक बालक उत्पन्न हुआ,
हमें एक पुत्र दिया गया है;
और प्रभुता उसके काँधे पर होगी,
और उसका नाम
अद्भुत युक्ति करने वाला पराक्रमी परमेश्वर,
अनन्तकाल का पिता, और शान्ति का राजकुमार रखा जाएगा।
उसकी प्रभुता सर्वदा बढ़ती रहेगी,
और उसकी शान्ति का अन्त न होगा,
इसलिए वह उसको दाऊद की राजगद्दी पर
इस समय से लेकर सर्वदा के लिए
न्याय और धर्म के द्वारा
स्थिर किए और सम्भाले रहेगा।
सेनाओं के यहोवा की धुन के द्वारा यह हो जाएगा। (यशायाह 9:6-7)
भविष्यद्वक्ताओं ने कहा, अभी भी एक और स्थान, एक और नाम, एक और विश्राम, एक और राज्य, और एक और सिंहासन आने वाला है। परमेश्वर की प्रजा की असफलताओं का यह अर्थ नहीं था कि परमेश्वर ने अपनी प्रतिज्ञा को भुला दिया है। यह सब यीशु में पूरा होना था।
इतिहास अपने आप को दोहराता है। चाहे बीमारी, उत्पीड़न, राजनीति या शोक के कारण हो, हम कभी-कभी अपने आप को उसी भ्रम की स्थिति में पाएँगे जिसकी वाणी भजन 89 देता है। ऐसे समय में (जो वास्तव में यीशु के लौटने से पहले का सारा समय है), हमें भविष्यद्वाणी की आवाज़ों की आवश्यकता होती है जो हमें परमेश्वर की वाचा की विश्वासयोग्यता स्मरण दिलाएँ—कि हमारा प्रभु अभी भी और सदा के लिए अपने सिंहासन पर राज्य करता है। इसलिए आज हियाव रखें। आपकी असफलताओं का अर्थ यह नहीं है कि परमेश्वर ने अपनी प्रतिज्ञा को भुला दिया है। आगे और भी बहुत कुछ होना बाकी है।
भजन 89
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 81– 83; 1 पतरस 1