“जैसा मसीह यीशु का स्वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्वभाव हो; जिसने परमेश्वर के स्वरूप में होकर भी परमेश्वर के तुल्य होने को अपने वश में रखने की वस्तु न समझा। वरन् अपने आप को ऐसा शून्य कर दिया, और दास का स्वरूप धारण किया, और मनुष्य की समानता में हो गया। और मनुष्य के रूप में प्रगट होकर अपने आप को दीन किया, और यहाँ तक आज्ञाकारी रहा कि मृत्यु, हाँ, क्रूस की मृत्यु भी सह ली।” फिलिप्पियों 2:5-8
कलीसिया विभिन्न पृष्ठभूमि, व्यक्तित्वों और अनुभवों वाले लोगों का एक समूह है—या कम से कम होना चाहिए। परन्तु फिर भी, हम “सब मसीह यीशु में एक” हैं (गलातियों 3:28)। यदि यह सत्य केवल एक नारा न होकर अनुभव का पक्ष बने, तो यह अत्यन्त आवश्यक है कि बाइबल इस विषय में जो कहती है उस पर हम ध्यान दें, कि कौन-सा मनोभाव एकता उत्पन्न करता है। मूल रूप से, पौलुस दिखाता है कि एकता उस समय उत्पन्न होती है, जब हम अपना ध्यान परमेश्वर के पुत्र की दीनता पर केन्द्रित करते हैं।
पौलुस हमें उस थियोलॉजिकल नींव की ओर ले जाता है जो दीनता उत्पन्न करती है, यह बताकर कि यीशु ने अपने आप को कैसे दीन किया: “जैसा मसीह यीशु का स्वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्वभाव हो; जिसने परमेश्वर के स्वरूप में होकर भी . . .।” यीशु अनन्तकाल से पूर्ण परमेश्वर है। कभी ऐसा समय नहीं हुआ जब वह परमेश्वर नहीं था। यहाँ से आरम्भ करके, पौलुस मसीह की दीनता का विस्तार स्पष्ट करता है। यद्यपि यीशु पूर्ण परमेश्वर है, तौभी उसने “परमेश्वर के तुल्य होने को अपने वश में रखने की वस्तु न समझा।” “स्वर्ग का सर्वोच्च स्थान उसका सार्वभौम अधिकार है,” परन्तु अपनी चिरस्थाई महिमा के ऊपर उसने एक और प्राथमिकता रखी—अपनी स्वेच्छा से और जानबूझकर उन विशेषाधिकारों को त्याग देना जो परमेश्वर के तुल्य होने के कारण उसके थे। केवल इतना ही नहीं, यीशु ने और अधिक दीन होकर अपने आप को “शून्य” बनाया। उसने यह अपने ईश्वरत्व को घटाकर नहीं, वरन् मानवता को जोड़कर किया—उसने “दास का स्वरूप धारण किया, और मनुष्य की समानता में हो गया।” वह पृथ्वी पर उतना ही दास बन गया जितना वह स्वर्ग में अधिपति था।
परन्तु तब भी उसकी दीनता पूर्ण नहीं हुई थी। उसने अपने आप को इतना दीन किया और “यहाँ तक आज्ञाकारी रहा कि मृत्यु, हाँ, क्रूस की मृत्यु भी सह ली।” उसने शिशु के रूप में जन्म लेने, मनुष्य के रूप में जीवन बिताने, तिरस्कृत होकर दुख उठाने, और अपराधी के समान मरने का चयन किया। उसने स्वर्गदूतों की आराधना को त्याग कर मनुष्यों की घृणा को स्वीकार किया। क्या आप देख सकते हैं कि सम्पूर्ण विश्व के धर्मों में यह कितना अद्वितीय है? ऐसा कहीं और नहीं है!
पहली दृष्टि में ये बातें केवल दूरस्थ सिद्धान्त प्रतीत हो सकती हैं, परन्तु वास्तव में यह दीनता हमारी कलीसिया के भीतर के दैनिक व्यवहार और मनोभावों को रूपान्तरित करती है। जब हम यह अद्भुत और अगम्य सत्य देखते हैं कि समस्त सृष्टि का सृष्टिकर्ता इस संसार में उतरा, हमारे समान मानवता को ग्रहण किया, हमारे साथ चला, हमारे धूल भरे मार्ग को छूआ—और उसने यह सब हमारे लिए किया—तब हम समझ पाते हैं कि हमें अपने सहविश्वासियों को कैसे देखना चाहिए। परमेश्वर का वचन हमें आदेश देता है, “जैसा मसीह यीशु का स्वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्वभाव हो।” आप दूसरों की आवश्यकताओं पर कैसे ध्यान देंगे? आप उन्हें अपने से अधिक कैसे मानेंगे? यह मनोभाव आपकी प्रार्थनाओं और आपके दिन के व्यवहार को कैसे दिशा देगा?
याकूब 2:1-5
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 70–71; प्रेरितों 25 ◊