5 अगस्त :सर्वशक्तिमान की सेवा

Alethia4India
Alethia4India
5 अगस्त :सर्वशक्तिमान की सेवा
Loading
/

“तुम परमेश्‍वर को किसके समान बताओगे और उसकी उपमा किस से दोगे? . . . यह वह है जो पृथ्वी के घेरे के ऊपर आकाशमण्डल पर विराजमान है, और पृथ्वी के रहने वाले टिड्डी के तुल्य हैं; जो आकाश को मलमल के समान फैलाता और ऐसा तान देता है जैसा रहने के लिए तम्बू ताना जाता है; जो बड़े-बड़े हाकिमों को तुच्छ कर देता है, और पृथ्वी के अधिकारियों को शून्य के समान कर देता है।” यशायाह 40:18, 22-23

एक मसीही का अधिकार से क्या सम्बन्ध होना चाहिए?

एक ओर, हमें मानवीय अधिकार का तिरस्कार नहीं करना चाहिए क्योंकि हम यह जानते हैं कि उसकी स्थापना के पीछे परमेश्वर है। यदि हम यह कहें कि बाइबल शासकों को गिराने की कोई क्रान्तिकारी पुस्तक है, तो हमें पवित्रशास्त्र के बहुत से भागों को निकाल देना पड़ेगा। परन्तु दूसरी ओर, हम यह भी समझते हैं कि कोई भी मानवीय अधिकार अन्तिम या स्थाई नहीं है। परमेश्वर नेताओं के उठाए जाने और उनके गिराए जाने दोनों का विधान करता है। चाहे वे किसी क्षण, किसी काल, या एक जीवनकाल तक कितने ही शक्तिशाली क्यों न प्रतीत हों, थोड़े समय बाद उनकी शक्ति नष्ट हो जाती है और प्रायः संसार उन्हें स्मरण भी नहीं करता।

हमें यह स्मरण रखना चाहिए कि हम अन्ततः किसकी सेवा करते हैं—उस सर्वसत्ताधारी परमेश्वर की, जिसके सामने सब शासक “टिड्डियों” के समान हैं। इसलिए जब मनुष्य का अधिकार परमेश्वर के अधिकार का विरोध करता है, तो हमें प्रेरितों के साथ मिलकर यह पूछना चाहिए, “क्या यह परमेश्‍वर के निकट भला है कि हम परमेश्‍वर की बात से बढ़कर तुम्हारी बात मानें” (प्रेरितों 4:19)—और उत्तर भी वही देना चाहिए, जो उन्होंने दिया था।

प्रेरितों के काम अध्याय 4 में, एक लँगड़े मनुष्य को चंगा करने के कारण प्रेरित एक रात कारागार में रहते हैं। वहाँ से रिहा होने पर वे अन्य विश्वासियों के साथ इकट्ठे होकर सही दृष्टिकोण पुनः प्राप्त करते हैं, यह स्मरण करके कि वे उस प्रभु की सेवा करते हैं जो पृथ्वी, समुद्र, और जो कुछ उनमें है, सबका सृष्टिकर्ता है (प्रेरितों 4:24-26)। इस सत्य को लागू करते हुए वे पहचानते हैं कि चाहे वे रोमी शासनाधिकार के अधीन हों और यहूदी धर्म-नेताओं के उत्पीड़न का सामना कर रहे हों, तो भी ये नेता वही कर रहे हैं जिसे “पहले से तेरी सामर्थ्य और मति से ठहरा था” (पद 28); और वे स्वयं उस उद्धार के सुसमाचार को पृथ्वी की छोर तक प्रचार करने के लिए स्वयं राजा यीशु द्वारा नियुक्त किए गए हैं। इस दृष्टिकोण के साथ, वे निर्भीकता से सुसमाचार को साझा करते रहते हैं।

क्या यही बात हमारे समय में हमारे विषय में कही जा सकती है? क्या हम परमेश्वर की आज्ञा मानकर मसीह को बाँटेंगे, भले ही पृथ्वी के शासक हमें मौन रहने या समझौता करने को कहें?

वह क्या है जो हमें मौन करता है? एक उत्तर यह है कि हम कितनी शीघ्रता से भूल जाते हैं कि परमेश्वर सर्वसत्ताधारी है, और राष्ट्र और शासक उसके अधीन हैं। जब यह स्मरण लुप्त हो जाता है, तो हम उस राजनीतिक शिष्टाचार में फँस जाते हैं जो हमें बढ़ते हुए भय से भर देता है और यह प्रचार करने से रोकता है कि यीशु मसीह ही एकमात्र उद्धारकर्ता है। तो क्या आपने यीशु के राजकीय शासन की दृष्टि खो दी है? क्या वे शासक जो आपके प्रभु की दृष्टि में टिड्डियों के समान हैं, आपके लिए अत्यधिक बड़े दिखाई देते हैं, जिससे आप यह ठहराने लगते हैं कि किसकी सुनें और कैसे जीवन जीएँ? तब प्रारम्भिक विश्वासियों के साथ जुड़कर यह स्मरण करें, यह पहचानें, और यह घोषित करें कि परमेश्वर सबका अद्वितीय सृष्टिकर्ता है, और अन्तिम अधिकार उसी का है।

  दानिय्येल 6:1-28

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 68– 69; प्रेरितों 24

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *