30 दिसम्बर : सब कुछ नया किया जाएगा

Alethia4India
Alethia4India
30 दिसम्बर : सब कुछ नया किया जाएगा
Loading
/

“परमेश्‍वर आप उनके साथ रहेगा और उनका परमेश्‍वर होगा। वह उनकी आँखों से सब आँसू पोंछ डालेगा; और इसके बाद मृत्यु न रहेगी, और न शोक, न विलाप, न पीड़ा रहेगी; पहली बातें जाती रहीं।” प्रकाशितवाक्य 21:3-4

नए आकाश और नई पृथ्वी के विचार को समझना हमारे लिए कठिन हो सकता है, परन्तु हम सम्पूर्ण निश्चय के साथ यह कह सकते हैं कि परमेश्वर वर्तमान को रूपान्तरित करेगा, और उसने ठाना है कि कोई भी और कुछ भी उसके सिद्ध राज्य को नष्ट न कर सके। हम यह इसलिए विश्वासपूर्वक कह सकते हैं, क्योंकि परमेश्वर अपनी प्रतिज्ञाओं को पूरा करने में सामर्थी है, जिसका सबसे महिमामयी प्रमाण वह काठ का क्रूस और वह खाली कब्र हैं। वर्तमान में, इतिहास के परदे के पीछे, परमेश्वर अपने राज्य को सम्पूर्णता में लाने की तैयारी कर रहा है—और यह वह कार्य है जिसकी योजना उसने अनादि काल से बनाई है।

जब मसीह लौटेगा, वह इस नए राज्य को लेकर आएगा—एक नया आकाश और नई पृथ्वी, जिसमें धार्मिकता का वास होगा।

जब परमेश्वर का सिद्ध राज्य स्थापित होगा, पाप दण्डित हो चुका होगा, न्याय पूर्ण हो चुका होगा, और बुराई का अन्त हो चुका होगा। फिर न कोई मृत्यु रहेगी, न शोक, न रोना, और न ही पीड़ा। ये सब “पहली बातें” होंगी, जो “बीत चुकी” होंगी। जब परमेश्वर अपने राज्य को लाएगा, जब उसकी सिद्ध योजना प्रकट होगी, तो न कोई व्यक्ति और न ही कोई शक्ति उसे बिगाड़ नहीं सकेंगे।

“नया” शब्द, जैसा कि प्रकाशितवाक्य में “नए आकाश और नई पृथ्वी” के लिए प्रयुक्त हुआ है, समय या उत्पत्ति का नहीं, बल्कि प्रकार और गुण का वर्णन करता है। अर्थात, परमेश्वर सृष्टि को इस प्रकार रूपान्तरित करेगा कि वह उस महिमा और भव्यता को प्रतिबिम्बित करे, जिसे उसने प्रारम्भ में इसके लिए ठहराया था। शैतान को वह तृप्ति नहीं मिलेगी कि वह परमेश्वर को अपनी सृष्टि को नष्ट करते देखे। वरन्, परमेश्वर अग्नि से इसे शुद्ध करेगा, जैसे उसने नूह के दिनों में जल का उपयोग किया (2 पतरस 3:5–7)।

इसलिए नई पृथ्वी अब भी पृथ्वी ही होगी—एक भौतिक स्थान, जिसमें भौतिक जन वास करेंगे, परन्तु अब यह ऐसी होगी, अर्थात “पृथ्वी यहोवा के ज्ञान से ऐसी भर जाएगी जैसा जल समुद्र में भरा रहता है” (यशायाह 11:9)। इसमें आश्चर्य नहीं कि सम्पूर्ण सृष्टि अब अधीरता से बाट जोह रही है कि वह पाप और क्षय की दासता से मुक्त की जाए (रोमियों 8:19–22)!

यह नई सृष्टि प्रतीक्षा के योग्य है। यह जीने के योग्य है, और यदि हो, तो मरने के योग्य भी। परमेश्वर सब वस्तुओं को नया करेगा—हमारी आत्माओं को, हमारे मनों को, हमारे शरीरों को, और यहाँ तक कि उस वातावरण को भी जिसमें हम रहते हैं। वे सब बातें जो आज पृथ्वी पर जीवन को कलुषित करती हैं, वहाँ नहीं होंगी—और जिन बातों की हमें आशा है, और जिन बातों की हमें प्रत्याशा है, वे सब पूरी की जाएँगी।

इसलिए हम “बाट जोहते हैं” (रोमियों 8:23)। हमें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, चाहे जीवन कितना ही अन्धकारमय क्यों न हो—क्योंकि वह दिन निकट है जब परमेश्वर तुम्हारे आँसू पोंछ देगा। और हम “धीरज से उसकी बाट जोहते भी हैं” (पद 25)। अब ही सब कुछ पाने की लालसा रखने की कोई आवश्यकता नहीं है, चाहे वह कितना ही आकर्षक क्यों न प्रतीत हो—क्योंकि वह दिन भी निकट है जब परमेश्वर आपको वह सम्पूर्ण आनन्द और तृप्ति देगा, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। इसलिए आज आपका ध्येय उत्सुकता और धैर्य हो।

रोमियों 8:18-25

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: जकर्याह 13–14; लूका 24:1-35 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *