“आदि में वचन था, और वचन परमेश्वर के साथ था, और वचन परमेश्वर था। यही आदि में परमेश्वर के साथ था।” यूहन्ना 1:1-2
हमारे मन में यीशु मसीह की जो तस्वीरें बनी हुई हैं, वे बाइबल की थियोलॉजी के बजाय कलात्मक कल्पनाओं पर आधारित हैं। बाइबल में मसीह का शारीरिक वर्णन नहीं मिलता, सिवाय इसके कि वह “डील–डौल में . . . बढ़ता गया” (लूका 2:52)। इसलिए यह हमारे लिए अत्यन्त अनुपयोगी है कि हम उसकी कल्पना सुनहरे बालों और चमकीली नीली आँखों वाले व्यक्ति के रूप में करें, जैसा कि पश्चिमी संस्कृति में प्रचलित है। इस प्रकार की कल्पना न केवल यह भूल जाती है कि यीशु एक मध्य-पूर्वी यहूदी था, बल्कि यह हमें यूहन्ना के सुसमाचार में जिस अद्भुत रीति से यीशु का परिचय दिया गया है, उसे समझने और उसका आनन्द लेने से भी वंचित कर देती है।
यूहन्ना अपने सुसमाचार के पहले ही पद से मसीह की शाश्वतता, व्यक्तित्व और दिव्यता को प्रकट करता है। हम समय के आरम्भ को जितना भी पीछे लेकर जाएँ, या समय की उत्पत्ति के बारे में हमारे मन में जो भी विचार हो, वहाँ हम परमेश्वर के पुत्र को उसके देहधारण के पहले के रूप में पाएँगे। उसे सृजा नहीं गया था, क्योंकि वह स्वयं सृष्टिकर्ता है। चरनी में पड़ा शिशु वही था जिसने आकाश में तारों को रखा था—यहाँ तक कि वही तारा भी, जिसने पूरब से ज्योतिषियों को उसकी आराधना करने के लिए मार्ग दिखाया था।
अपनी शाश्वतता में यह वचन, अर्थात यीशु, पिता और पवित्र आत्मा से भिन्न है, भिन्न व्यक्ति है लेकिन सार-तत्व में नहीं। वह “परमेश्वर के साथ था,” फिर भी वह “परमेश्वर था।” यह भले ही रहस्यमयी लगे, लेकिन यूहन्ना किसी अमूर्त विचार की बात नहीं कर रहा था; वह उस व्यक्ति का वर्णन कर रहा था, जिससे वह मिला था, जिसे उसने स्वयं देखा, सुना और छूआ था। मंच अब तैयार है, ताकि प्रेरित यूहन्ना के साथ पाठक भी कह सकें, “यह जीवन प्रगट हुआ, और हमने उसे देखा” (1 यूहन्ना 1:2), क्योंकि यही जीवित परमेश्वर के वचन का सामर्थ्य है।
जब यूहन्ना इस सच्चाई को दृढ़ता से स्थापित करता है कि मसीह न केवल परमेश्वर के साथ था, बल्कि वह स्वयं परमेश्वर था, तो वह चाहता है कि हम उसके पूरे सुसमाचार को यीशु की दिव्यता को ध्यान में रखकर पढ़ें। जब हम हर पन्ना पलटें, यीशु के वचन पढ़ें और उसके कार्यों को देखें, तो हमें यह समझना चाहिए कि ये स्वयं परमेश्वर के वचन और कार्य हैं।
यदि यीशु मात्र एक भला मनुष्य था, तो यूहन्ना के सुसमाचार में जो कुछ भी लिखा है, वह वास्तव में ईश-निन्दा है। परन्तु वह केवल मनुष्य नहीं था। वह सम्पूर्ण सृष्टि के परमेश्वर के साथ एक था, है, और सदा रहेगा। हमें यूहन्ना के आरम्भिक पदों को समझने की आवश्यकता है, ताकि हम यीशु को सही रूप में जान सकें और हम ब्रूस मिल्ने के शब्दों में कह सकें: “हम उसकी आराधना बिना रुके करें, उसकी आज्ञा बिना झिझक मानें, उससे बिना किसी शर्त के प्रेम करें, और उसकी सेवा बिना रुके करते रहें।”[1]
यदि आज आपको प्रभु की आराधना करने, उसकी आज्ञा मानने, उससे प्रेम करने या उसकी सेवा करने में कठिनाई हो रही है, तो उत्तर यही है: उसकी ओर देखें। क्योंकि जितना अधिक हम यह समझेंगे कि चरनी में पड़ा वचन वही था जो आदि से परमेश्वर के साथ था और परमेश्वर था, उतना ही सहज रूप से हमारे मसीही कर्तव्य आनन्द में बदलते जाएँगे।
यूहन्ना 1:1-18
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 25–27; लूका 9:37- 62
[1] द मैसेज ऑफ जॉन, द बाइबल स्पीक्स टूडे (आई.वी.पी. अकैडेमिक, 2020), पृ. 21.