“उन्होंने उसे जगाकर उससे कहा, ‘हे गुरु, क्या तुझे चिन्ता नहीं कि हम नष्ट हुए जाते हैं?’ तब उसने उठकर आँधी को डाँटा, और पानी से कहा, ‘शान्त रह, थम जा!’ और आँधी थम गई और बड़ा चैन हो गया; और उनसे कहा, ‘तुम क्यों डरते हो? क्या तुम्हें अब तक विश्वास नहीं?’” मरकुस 4:38-40
जब तूफ़ान आया और चेलों को भय ने घेर लिया, तब यीशु ने केवल शान्ति ही नहीं, बल्कि उनकी प्रतिक्रिया के प्रति अद्भुत धैर्य भी दिखाया।
उन्होंने यीशु पर यह आरोप लगाया कि उसे इस बात की चिन्ता नहीं थी कि वे नष्ट हो रहे हैं। लेकिन यीशु ने उन्हें नहीं, बल्कि हवा और लहरों को डाँटा। यह कितनी अद्भुत बात है! संसार में किसी भी शिक्षक के पास यीशु के चेलों से अधिक धीमी गति से सीखने वाले छात्र नहीं थे—परन्तु यह भी सच है कि न ही किसी अन्य शिक्षक में उसके समान धैर्य और क्षमा करने की क्षमता थी।
यीशु का धैर्य केवल इस घटना तक सीमित नहीं था; अपने पूरे सेवाकार्य के दौरान वह अपने चेलों की कमजोरियों और असफलताओं के प्रति लगातार धैर्यवान रहा। मरकुस 6 में केवल पाँच रोटियों और दो मछलियों से पाँच हज़ार लोगों को भोजन खिलाने के बाद जब चेलों ने उसे पानी पर चलते देखा, तब भी उन्होंने उस पर सन्देह किया। लेकिन यीशु ने प्रेमपूर्वक उत्तर दिया, “ढाढ़स बाँधो : मैं हूँ; डरो मत” (मरकुस 6:50)। आगे भी, जब उसने बार-बार अपनी मृत्यु की आवश्यकता और उद्देश्य के बारे में समझाया, तो चेलों ने उसे समझने या स्वीकार करने में कठिनाई महसूस की (मरकुस 8:31-33; 9:30-32; 10:32-34)। यहाँ तक कि पुनरुत्थान के बाद भी यीशु ने चेलों को इस बात के लिए नहीं डाँटा कि वे उसकी भविष्यवाणी के अनुसार उसके जी उठने से चकित हो गए थे। इसके विपरीत, उसने प्रेम और धैर्य के साथ उनसे गहरे प्रश्न पूछे और अपनी सच्ची पहचान को उनपर प्रकट किया।
हम चेलों में अपने कमज़ोर विश्वास को प्रतिबिम्बित होता हुआ देख सकते हैं। यदि हम उनके स्थान पर होते, तो शायद हम भी उसी तरह डरकर भाग-दौड़ कर रहे होते और अपने सन्देह तथा शिकायतें यीशु के सामने रख रहे होते। लेकिन आज भी, हमारे भय और सन्देह के बावजूद मसीह हमें धैर्यपूर्वक सम्भालता है। वह हमें हमारे एक क्षण के अविश्वास के कारण अस्वीकार नहीं करता। वह हमारी कायरता के कारण हमें त्याग नहीं देता। उसके समान कोई और शिक्षक है ही नहीं।
इसलिए जब हम मसीह के इस अद्वितीय धैर्य के भागीदार हुए हैं, तो हमें भी यही धैर्य दूसरों के प्रति दिखाना चाहिए। यदि आप माता-पिता, कोच, प्रबन्धक, सेवकाई नेता, शिक्षक, या केवल एक मित्र भी हैं, तो यीशु के उदाहरण को याद रखें। यदि हम चाहते हैं कि परमेश्वर हमारे डगमगाते विश्वास को सहन करे, तो हमें भी दूसरों के प्रति और यहाँ तक कि अपने स्वयं के प्रति भी ऐसा ही धैर्य रखना चाहिए।
सबसे बढ़कर, हमें केवल यीशु के उदाहरण का अनुसरण करने के लिए नहीं, बल्कि उसकी सिद्धता का आनन्द लेने के लिए बुलाया गया है। उसका धैर्य कभी असफल नहीं होगा। वह अपनी देखभाल में रहने वालों की कभी उपेक्षा नहीं करता और न ही उन्हें छोड़ता है। आपके पापों और आपके संघर्षों के कारण उसकी सहनशीलता का बाँध कभी नहीं टूटता। वह आज भी आपके साथ धैर्यवान रहेगा। वह आपका उद्धारकर्ता, आपका निस्तारक, आपका हमेशा धैर्यवान शिक्षक—आपका यीशु है।
निर्गमन 33:18 – 34:8
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:89-176; 2 कुरिन्थियों 5 ◊