“हे प्रियो, बदला न लेना, परन्तु परमेश्वर के क्रोध को अवसर दो।” रोमियों 12:19
बदला लेना हमारी सबसे स्वाभाविक प्रवृत्तियों में से एक है। यह संसार का तरीका है, क्योंकि हम एक ऐसे संसार में रहते हैं जहाँ “बड़ी मछली छोटी मछली को निगल जाती है।” यदि कोई हमारे रास्ते में आता है, तो हम उसे हटाने की पूरी कोशिश करते हैं। यह विशेषकर तब एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया होती है, जब हमारे साथ अन्याय होता है—परन्तु यह मसीही प्रतिक्रिया नहीं है। इसलिए हमें हमेशा इसके विरुद्ध सतर्क रहना चाहिए। भले ही हमने कल इसे टाल दिया हो, इसकी कोई निश्चितता नहीं है कि हम आज भी ऐसा कर पाएँगे।
शायद खेल का मैदान ऐसा स्थान है, जहाँ हम सबसे अधिक देखते हैं कि प्रतिशोध कितनी आसानी से हमारी योजनाओं और कार्यों का प्रेरक बन जाता है। यदि कोई विरोधी खिलाड़ी आपको फाउल करता है और रेफरी या अम्पायर इसे नहीं देखता या दण्डित नहीं करता, तो आप क्या करते हैं? हमारी सहज प्रवृत्ति होती है कि हम किसी तरह उससे बदला लें। हम योजना बनाते हैं, सही समय का इन्तज़ार करते हैं और फिर “हिसाब बराबर” कर देते हैं। और जिस तरह खेल के मैदान में यह होता है, वैसे ही हमारे जीवन में भी होता है—भले ही व्यवहार में न सही, परन्तु हमारी कल्पनाओं में ऐसा अवश्य होता है।
परन्तु फिर पवित्रशास्त्र हमारे इस स्वाभाविक स्वभाव को यह कहकर काट देता है: “बदला न लेना।”
पौलुस ने केवल इस सिद्धान्त को लिखा ही नहीं, बल्कि इसे अपने जीवन में जीकर भी दिखाया। वह एक ऐसे वातावरण में सेवा कर रहा था, जहाँ उसके पास प्रतिशोध लेने के पर्याप्त कारण थे—उसे बदनाम किया गया, पीटा गया, उपहास किया गया और कैद में डाला गया। जब सम्राट नीरो और उसकी सरकार मसीहियों को राजमहल के आँगन में जलती हुई मशालों में बदल रहे थे, तब भी सम्भवतः पौलुस जीवित था। वे मसीही विश्वासियों को खम्भों से बाँध देते थे, उन खम्भों को ज़मीन में गाड़ देते थे, और फिर उन्हें मोम से ढककर आग लगा देते थे—लेकिन उस समय भी आदेश यही था: “बदला न लेना।”
हम अक्सर ईश्वरीय न्याय, जो परमेश्वर का अधिकार है; आपराधिक न्याय, जो सरकार की परमेश्वर द्वारा ठहराई हुई ज़िम्मेदारी है (रोमियों 13:1-4); और व्यक्तिगत प्रतिशोध के अभ्यास के बीच अन्तर नहीं कर पाते, जिसके लिए बाइबल हमें कोई अधिकार नहीं देती। हमें सरकार से आपराधिक न्याय प्राप्त करने की अनुमति है, लेकिन हमें यह ध्यान में रखना है कि यह पूर्ण नहीं होगा और इसका उद्देश्य अन्तिम न्याय करना नहीं है। लेकिन सबसे बढ़कर, हमें स्वयं को परमेश्वर के दिव्य न्याय के हाथों सौंपना है, ठीक वैसे ही जैसे उसके पुत्र ने किया (1 पतरस 2:23)। हमें यह याद रखते हुए जीना चाहिए कि आज शायद अन्तिम न्याय का दिन नहीं है, और निश्चित रूप से आप और मैं न्यायाधीश नहीं हैं।
हमारी नागरिकता किसी भी सांसारिक राज्य से बढ़कर एक अनन्त राज्य में है। यदि अविश्वासी हमें यह प्रचार करते हुए देखते हैं कि मसीह सच्चा और न्यायी न्यायाधीश है, लेकिन फिर हमें खुद ही न्याय करते हुए पाते हैं, तो वे मसीह की ओर आकर्षित नहीं होंगे। हमारा व्यवहार उन लोगों को प्रभावित करेगा जो पाप के साथ संघर्ष कर रहे हैं। इसलिए ऐसा हो कि वे हमारे प्रेम से मसीह की ओर खिंचे चले आएँ, न कि हमारे प्रतिशोध के कारण उससे दूर हो जाएँ।
रोमियों 12:9-21
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:1- 88; 2 कुरिन्थियों 4