“‘हे मृत्यु, तेरी जय कहाँ रही? हे मृत्यु, तेरा डंक कहाँ रहा?’ मृत्यु का डंक पाप है, और पाप का बल व्यवस्था है। परन्तु परमेश्वर का धन्यवाद हो, जो हमारे प्रभु यीशु मसीह के द्वारा हमें जयवन्त करता है।” 1 कुरिन्थियों 15:55-57
हाल की पीढ़ियाँ मृत्यु की वास्तविकता का सामना करने से व्यापक रूप से इनकार कर रही हैं, और शायद हमारे समय की पीढ़ी ने इसे अधिक नकारा है। लोग इसे लगातार छिपाने या इसकी मौजूदगी को नकारने की कोशिश करते हैं, यह उम्मीद करते हुए कि शायद यह नहीं आएगी। लेकिन मसीहियों को अन्य लोगों से अधिक तैयार रहना चाहिए कि वे मृत्यु का सामना पूरे साहस से करें और यह स्वीकार करें कि इसे नकारा नहीं जा सकता और इससे बचने का कोई तरीका नहीं है—लेकिन यह भी स्वीकार करें कि अब इसे डरने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि इसे पराजित कर दिया गया है।
वास्तव में, मसीहत प्रत्येक क्षेत्र में हमारे दृष्टिकोण को बदल देती है। बाइबल हमें यह वास्तविकता दिखाती है कि जीवन संक्षिप्त है, मृत्यु निश्चित है, और न्याय आ रहा है। लेकिन हमें पवित्रशास्त्र में स्पष्ट, अद्भुत, और मार्गदर्शन करने वाली बातें भी मिलती हैं, जो यह बताती हैं कि मृत्यु के प्रति विश्वासियों का दृष्टिकोण कैसा होना चाहिए।
मसीहियों के लिए, मृत्यु का डंक निकाल दिया गया है। इसे इस तरह से समझें: यदि आप कभी अपने छोटे बच्चे के साथ बाहर गए हों और एक गुस्सैल ततैया उसके पास आ जाए, तो आप जानबूझकर बच्चे और ततैया के बीच आकर डंक को खुद पर “निकाल” लेंगे। ऐसा होने के बाद बच्चे को अब डरने की कोई जरूरत नहीं है। ठीक इसी तरह, यीशु ने क्रूस पर अपनी मृत्यु के कार्य के माध्यम से हमारे पाप की सजा का सामना किया है। उसने हमारे जीवन में पाप की शक्ति को बन्धन को तोड़ दिया है। उसने पाप और मृत्यु के डंक को निकाल दिया है। मसीह की विजय हमारी विजय है; मृत्यु को पराजित कर दिया गया है। हम अभी भी मृत्यु का सामना करेंगे, लेकिन हम इससे पार हो जाएँगे। यह हमें अपना शिकार नहीं बना पाएगी।
पवित्रशास्त्र में मसीहियों की मृत्यु की तुलना नींद से की गई है, क्योंकि नींद एक अस्थाई स्थिति है, स्थाई नहीं। और इसका वर्णन हमारे शरीरों के सम्बन्ध में किया गया है, हमारी आत्माओं के सम्बन्ध में नहीं। थिस्सलुनीकियों को लिखी अपनी एक पत्री में पौलुस कहता है, “यदि हम विश्वास करते हैं कि यीशु मरा और जी भी उठा, तो वैसे ही परमेश्वर उन्हें भी जो यीशु में सो गए हैं, उसी के साथ ले आएगा” (1 थिस्सलुनीकियों 4:14)। दूसरे शब्दों में, हम यीशु से वही कह सकते हैं जो छोटे बच्चे सोने से पहले अक्सर अपने माता-पिता से कहते हैं: “क्या आप मेरे साथ रहेंगे जब मैं सो जाऊँगा?” और यीशु कहता है, हाँ, मैं रहूँगा। लेकिन उससे भी बेहतर, मैं उस नींद में भी तुम्हारे साथ रहूँगा। यीशु में सोने का—अर्थात विश्वासियों की मृत्यु होने का—मतलब है कि हमें तुरन्त ही उसकी उपस्थिति में, प्रभु की महिमा के आनन्द में प्रवेश मिल जाता है।
यीशु जीवित है, और हर नया दिन हमें उसके पुनरुत्थान की याद दिला सकता है। हर सुबह, हम एक नए सूर्योदय के लिए जागते हैं, जो उस महान दिन की याद दिलाता है जब तुरही बजेगी, मसीह में मरे हुए पहले जी उठेंगे, और जो लोग जीवित रहेंगे और पृथ्वी पर होंगे, वे उनके साथ एकत्रित हो जाएँगे। विश्वासियों के रूप में हमें नया जन्म मिला है, एक जीवित आशा के साथ कि क्योंकि यीशु मसीह कब्र पर विजय प्राप्त कर चुका है, इसलिए हम भी हमेशा के लिए उसके साथ होंगे। मृत्यु के प्रति हमारा दृष्टिकोण यही होना चाहिए: हम इसके पार देखते हैं। और जब हम डर के बिना मरने में सक्षम हो जाते हैं, तो हम डर के बिना जीने में भी सक्षम हो जाते हैं।
प्रकाशितवाक्य 3:7-13
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: रूत; प्रेरितों 8:26-40