28 जून : शान्ति जो सम्भव है

Alethia4India
Alethia4India
28 जून : शान्ति जो सम्भव है
Loading
/

“जहाँ तक हो सके, तुम भरसक सब मनुष्यों के साथ मेल मिलाप रखो।” रोमियों 12:18-19

बाइबल अद्‌भुत रूप से एक व्यावहारिक पुस्तक है। इसकी बुद्धि न केवल समृद्ध है, बल्कि वास्तविक भी है, और जैसे-जैसे हम इसके अनुसार जीते हैं, यह हर परिस्थिति में गहरे अर्थ के साथ हमसे बात करती है। जैसे-जैसे हम बड़े होते जाते हैं, हममें से कई लोग महसूस करते हैं कि हमारे माता-पिता की चेतावनियाँ और बुद्धिमता अक्सर सही थी; और जैसे-जैसे हम परमेश्वर के वचन की रोशनी में चलते हैं, वैसे-वैसे यह समय के साथ हर बार सही साबित होती है। पौलुस यहाँ पर इस कालातीत, वास्तविक बुद्धि का प्रदर्शन करता है। एक ओर, यह सरल लगता है: बस सभी के साथ शान्ति बनाए रखने की कोशिश करो। यह समझने में मुश्किल नहीं है। लेकिन वह केवल इतना ही नहीं कह रहा है। यह निर्देश दो योग्यताओं के साथ आता है: “यदि सम्भव हो” और “जहाँ तक हो सके।” इसका अर्थ है कि हमेशा यह सम्भव नहीं होगा!

पौलुस यहाँ बचने का कोई बहाना नहीं दे रहा है। वह हमें यह नहीं कह रहा है कि तब तक शान्ति बनाए रखो, जब तक हम अपने गुस्से या भावनाओं को नियन्त्रित कर सकते हैं, लेकिन अन्यथा हम अपने दिलों में कड़वाहट पालने के लिए स्वतन्त्र हैं। वह हमें यह सुनिश्चित करने का बुलावा दे रहा है कि हमारे जीवन में कोई भी मौजूदा संघर्ष हमारे शान्त रहने के बावजूद है तो ठीक है, लेकिन यह हमारे कारण नहीं होना चाहिए। मौजूदा दुश्मनी की जिम्मेदारी कभी भी हमारी ओर से पुनः मेल-जोल की अनिच्छा की वजह से नहीं होनी चाहिए।

लेकिन भले ही हम अपनी ओर से अपना कर्तव्य पूरा कर लें, तौभी कुछ स्थितियाँ ऐसी हैं जिनमें शान्ति सम्भव नहीं हो सकती। एक स्थिति तब होती है जब सामने वाला व्यक्ति हमारे साथ शान्ति बनाने के लिए तैयार नहीं है। हो सकता है कि हमारा सामना ऐसे किसी व्यक्ति से है जो हमें नुकसान पहुँचाने की कोशिश में है और संघर्ष को हल करने में कोई रुचि नहीं रखता। ऐसी स्थिति में, उस व्यक्ति को बदलना या उसकी क्रूरता को रोकना सम्भव नहीं हो सकता—लेकिन हमारे लिए यह सम्भव होगा कि हम पलटकर न लड़ें। जब हम यह सुनिश्चित करते हैं कि हम संघर्ष में योगदान नहीं दे रहे हैं, तो हम “जहाँ तक हो सके” शान्ति का पालन कर रहे होते हैं।

दूसरी रुकावट तब आती है जब शान्ति की शर्तें पवित्रता, सत्य और धार्मिकता के सिद्धान्तों के साथ मेल नहीं खातीं। इब्रानियों की पुस्तक के लेखक ने ऐसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपने पाठकों से कहा था, “सबसे मेल मिलाप रखो, और उस पवित्रता के खोजी हो जिसके बिना कोई प्रभु को कदापि न देखेगा” (इब्रानियों 12:14)। ये दो अलग-अलग निर्देश नहीं हैं; शान्ति और पवित्रता के लिए हमारा प्रयास हमें अलग-अलग दिशाओं में नहीं ले जाना चाहिए। शान्ति की खोज यह नहीं होनी चाहिए कि हम किसी भी कीमत पर शान्ति चाहते हैं। हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि संघर्ष और टकराव से नफरत करते हुए हम शान्ति की खोज में धार्मिकता को दाव पर न लगा दे।

आप किसी के हृदय को नहीं बदल सकते; यह प्रभु का काम है। आपको अपनी ईमानदारी से समझौता नहीं करना है; यह प्रभु की प्रमुख चिन्ता है। लेकिन परमेश्वर आपको एक आदेश दे रहा है, जहाँ तक हो सके आप शान्ति का पालन करें। क्या यह आदेश आज आपको अपनी बातों को नर्म करने, अपने व्यवहार को बदलने, या किसी संघर्ष को सुधारने की दिशा में पहला कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है?

दानिय्येल 6

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: व्यवस्थाविवरण 4–6; प्रेरितों 2:1-21

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *