“हे मनुष्य, वह तुझे बता चुका है कि अच्छा क्या है; और यहोवा तुझ से इसे छोड़ और क्या चाहता है, कि तू न्याय से काम करे, और कृपा से प्रीति रखे, और अपने परमेश्वर के साथ नम्रता से चले?” मीका 6:8
जब अठारहवीं सदी के भजनकार और प्रचारक जॉन न्यूटन ने इस पद पर प्रवचन दिया, तो उन्होंने अपने प्रवचन का शीर्षक दिया, “मसीह के सुसमाचार के बिना परमेश्वर के पास कोई नहीं पहुँच सकता।” उन्होंने ऐसा शीर्षक क्यों रखा, जिसका इस पद से कोई सम्बन्ध नहीं लगता? न्यूटन ने खुद टिप्पणी की, “बाइबल का शायद ही कोई ऐसा पद हो जिसे इससे अधिक गलत समझा गया हो।”[1]
ऐसा लगता है कि उन्होंने अपने प्रवचन का यह शीर्षक सामान्य गलतफहमियों को ठीक करने के उद्देश्य से रखा था।
न्यूटन का शीर्षक हमें यह सावधान करता है कि हमें यहाँ जो गुण बताए गए हैं, उन्हें पढ़ने के बाद सुसमाचार के बिना जीने की कोशिश न करें, या सुसमाचार के स्थान पर इन्हें परमेश्वर के पास पहुँचने का तरीका मानकर इनका प्रचार न करें। इनमें से कोई भी उस उद्देश्य को पूरा नहीं करता जो भविष्यद्वक्ता—और प्रभु—ने चाहा था। मीका 6:8 को समझने का सबसे अच्छा तरीका यह नहीं है कि इसे ऐसे कार्यों की सूची माना जाए, जो हमारे धर्मी ठहराए जाने में योगदान करती हैं, बल्कि इन्हें हमारे धर्मी ठहराए जाने के प्रमाण के रूप में देखा जाना चाहिए। जब हम इसे इस तरह से देखते हैं और उचित प्रेरणा तथा लक्ष्य स्थापित करते हैं, तो हम समझ सकते हैं कि परमेश्वर ने इस्राएल को और हमें क्या करने के लिए बुलाया है।
पहले, परमेश्वर हमें मीका के माध्यम से “न्याय से काम” करने के लिए कहता है। इसका अर्थ है परमेश्वर की इच्छा और उद्देश्य के अनुसार कार्य करने का संकल्प लेना। उदाहरण के लिए, व्यवस्थाविवरण की पुस्तक में मूसा कहता है कि परमेश्वर “अनाथों और विधवा का न्याय चुकाता, और परदेशियों से ऐसा प्रेम करता है कि उन्हें भोजन और वस्त्र देता है” (व्यवस्थाविवरण 10:18)। हम उन चीजों के बारे में परवाह करना चाहते हैं जिनकी परमेश्वर को परवाह है, जिसका अर्थ है कि हम इन प्राथमिकताओं को गम्भीरता से लें और “जहाँ तक अवसर मिले हम सबके साथ भलाई करें, विशेष करके विश्वासी भाइयों के साथ।” (गलातियों 6:10)।
दूसरे, परमेश्वर हमें “कृपा से प्रीति” रखने के लिए कहता है। यदि न्याय करना क्रिया है, तो कृपा से प्रेम करना हृदय की वह भावना है जो इसे प्रेरित करती है। यह स्नेहपूर्ण सहानुभूति है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि हम न्याय का पालन केवल किसी कर्तव्य की तरह नहीं, बल्कि उदारता की खुशी के साथ करें।
तीसरे, हमें “नम्रता से चलने” के लिए कहा गया है। दूसरे शब्दों में, हमें परमेश्वर की इच्छा के प्रति समर्पण में चलना है और हर कदम पर उसके ऊपर हमारी पूरी निर्भरता को अपनाना है। मीका इस पद को नम्रता पर क्यों समाप्त करता है? पहले, क्योंकि नम्रता ही वह गुण है जो यह स्वीकार करने के लिए आवश्यक है कि हम कृपा से प्रेम करने और न्याय के काम करने के बुलावे का पूरी तरह से पालन नहीं कर सकते—और इसलिए हमें केवल परमेश्वर की आज्ञाओं की ही नहीं, बल्कि उसकी क्षमा की भी आवश्यकता है। और दूसरा, क्योंकि जब हम उसका वैसा आज्ञापालन करते हैं जैसा मीका 6:8 हमें कहता है, तो हमारे प्रयासों का फल अन्ततः हम पर निर्भर नहीं करता।
आप और मैं संसार को सुधार नहीं सकते; इसके बजाय हमें संसार के राजा और न्यायाधीश को समाधान सौंप देना चाहिए। ऐसा करने से हमें प्रेरणा मिलती है और हम स्थापित रहते हैं, परमेश्वर की सहायता से, न्याय, कृपा, और नम्रता के माध्यम से, हमारे पड़ोसियों के भले के लिए, कलीसिया की गवाही के लिए, और मसीह की महिमा के लिए उस सुसमाचार के अनुसार जी पाते हैं जिसने हमें बचाया है। सदियों बाद भी आज मीका आपको बुलावा देता है कि आप इस सुसमाचार की आवश्यकता पर विनम्रता से विचार करें, अपने हृदय को देखें और पवित्र आत्मा की सहायता से इसे मसीही कृपालुता में बढ़ाएँ, और फिर अपने संसार को देखें और सक्रिय रूप से न्याय और निष्पक्षता का पालन करें।
मीका 6:1-8
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यिर्मयाह 15–17; मत्ती 23:1-22
[1] द वर्क्स ऑफ रेव्ह. जॉन न्यूटन (1808), खण्ड. 2, पृ. 543.