“मैं तुझ से सच-सच कहता हूँ, जब तक कोई मनुष्य जल और आत्मा से न जन्मे तो वह परमेश्वर के राज्य में प्रवेश नहीं कर सकता।” यूहन्ना 3:5
जब हम चारों सुसमाचार पढ़ते हैं, तो हमें यह पता चलता है कि यीशु की सेवा का एक बड़ा हिस्सा परमेश्वर के राज्य के शुभ समाचार का प्रचार करना था। वह मूलतः नगरों और गाँवों में यात्रा करते हुए लोगों से यह कहता था, एक राज्य है और उसका राजा मैं हूँ। तुम अब तक उस राज्य में नहीं हो—लेकिन यदि तुम मेरे पीछे आओगे, तो तुम राजा की प्रजा बन जाओगे और उसके राज्य के नागरिक बन जाओगे।
इसलिए जब हम प्रार्थना करते हैं, “तेरा राज्य आए” (लूका 11:2), तो हमारी यह अभिलाषा होनी चाहिए कि लोग मसीह के राज्य में नए जन्म के द्वारा प्रवेश करें—कि वे यीशु के समर्पित अनुयायी बन जाएँ। हम प्रार्थना करते हैं कि जो लोग परमेश्वर के खिलाफ विद्रोह में जी रहे हैं, “अन्धकार के वश से छूटकर उसके प्रिय पुत्र के राज्य में प्रवेश” कर जाएँ (कुलुस्सियों 1:13)। यीशु ने यह बिल्कुल स्पष्ट कर दिया कि उसके राज्य में प्रवेश करने का एकमात्र तरीका यह नया जन्म है।
यीशु का नीकुदेमुस से हुआ संवाद, जो यूहन्ना 3 में दर्ज है, इस सत्य को स्पष्ट करता है। नीकुदेमुस एक धार्मिक व्यक्ति था, जो अधिकार और प्रभाव वाला व्यक्ति था—और फिर भी वह बेचैन था और अभी भी खोज रहा था। जब यीशु से उसकी बातचीत हुई, यीशु ने उसके सामने उसके राज्य को देख पाने और उसमें प्रवेश करने की आवश्यक शर्त को रेखांकित किया: और वह था आत्मा द्वारा नया जन्म लेना। यीशु ने कहा कि यह नया जन्म प्रकृति द्वारा नहीं, बल्कि परमेश्वर के आत्मा द्वारा मानव हृदय में चमत्कार के रूप में लाया जाता है। कोई भी आत्मा के कार्य के बिना उसके राज्य में प्रवेश नहीं कर सकता; कोई भी उसके राज्य से इतना दूर नहीं है कि परमेश्वर का आत्मा उसमें कार्य न कर सके।
जब हम परमेश्वर के राज्य के आने के लिए प्रार्थना करते हैं, तो हम यह प्रार्थना कर रहे होते हैं कि लोगों की आँखें और कान खुल जाएँ, ताकि लोग नया जन्म ले सकें। राजा अपने शाश्वत राज्य को स्थापित करने के लिए आने वाला है और राजा आज भी अपने आत्मा के द्वारा कार्य कर रहा है, ताकि लोग उसके राज्य में प्रवेश करें। जब तक हमारे राजा की वापसी नहीं होती, तब तक यह सोच कि लोग मसीह के राज्य में कैसे प्रवेश करते हैं, हमें हमारे अपने उद्धार पर आश्चर्य और खुली हुई आँखों के साथ प्रार्थना करने के लिए प्रेरित करे, ताकि आत्मा वह काम कर सके जो केवल वही कर सकता है।
यूहन्ना 3:1-15