13 मई : साधारण बातों का परमेश्वर

Alethia4India
Alethia4India
13 मई : साधारण बातों का परमेश्वर
Loading
/

“इस प्रकार नाओमी अपनी मोआबिन बहू रूत के साथ लौटी, जो मोआब देश से आई थी। वे जौ कटने के समय के आरम्भ में बैतलहम पहुँचीं।” रूत 1:22

जब भी आप किसी सुबह समाचार पढ़ते, देखते या सुनते हैं, तो क्या आपके मन में ऐसे विचार आते हैं कि आप बहुत छोटे हैं? क्या आप कभी यह सवाल करते हैं, “क्या परमेश्वर सच में जानता भी है कि मैं कौन हूँ या मैं कहाँ हूँ? सारी सृष्टि के सृष्टिकर्ता को भला मुझमें क्या दिलचस्पी हो सकती है?”

आप और मैं बहुत साधारण लोग हैं—और हम बड़ी आसानी से इस सोच का शिकार हो सकते हैं कि “साधारण” का अर्थ “बेकार” होता है। लेकिन रूत और नाओमी की कहानी कुछ अलग दिखाती है। इसमें हम परमेश्वर के सम्प्रभु और प्रावधान भरे हाथ को जीवन की दैनिक गतिविधियों में काम करते हुए पाते हैं। वह जानता है और परवाह करता है, वह सम्भालता है और प्रबन्ध करता है।

रूत की पुस्तक में परमेश्वर की प्रावधान और देखभाल की कहानी एक गलती से शुरू होती है। एलीमेलेक ने अपनी पत्नी नाओमी और दो बेटों के साथ भूख से त्रस्त बैतलहम को छोड़ने का दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय लिया था और समृद्ध मोआब चला गया था—लेकिन वहाँ उसकी और उसके बेटों की मृत्यु हो गई।

चाहे एलीमेलेक का मकसद निराशा, असन्तोष, या अविश्वास था, पवित्रशास्त्र उसके चुनाव के माध्यम से यह दिखाता है कि हमारी मूर्खता परमेश्वर के प्रावधान को रद्द नहीं कर सकती। यहाँ तक कि जब हम परिस्थितियों का गलत तरीके से जवाब देते हैं—जब हम प्रतीकात्मक रूप से अपने आप को परमेश्वर की प्रतिज्ञा की भूमि से बाहर ले जाते हैं—तब भी वह अपनी योजनाओं को पूरा कर सकता है। जब इस डर का प्रलोभन हम पर आता है कि परमेश्वर ने हमारी गलतियों के कारण हमारे जीवन को अनदेखा कर दिया है, तब हम उसके प्रावधान में शान्ति पा सकते हैं, जो हमारी सबसे बड़ी—या सबसे छोटी—गलतियों में भी काम कर सकता है।

क्या आपने जीवन के साधारण पलों में परमेश्वर को कार्य करते देखा है? क्या आपने आपकी गलतियों में भी उसे काम करते देखा है? या आप इस झूठ में फंसे हुए हैं कि परमेश्वर केवल असाधारण, अद्वितीय तरीकों से या हमारी महानतम आज्ञाकारिता के क्षणों के माध्यम से ही काम करता है?

जब हम केवल असाधारण को तलाशते हैं, तो हम साधारण बातों में परमेश्वर की महिमा को खो देते हैं—जैसे कि मेज पर रखे फलों में, अच्छे से तैयार किए गए भोजन में, एक पक्षी की चहचहाहट में, एक मित्र के साथ बातचीत में, बादलों के बीच चाँद की रौशनी में। जब हम मानते हैं कि परमेश्वर केवल तब काम करता है जब हम अच्छे होते हैं, तो हम पापियों के माध्यम से काम करने वाली परमेश्वर की कृपा को देखना छोड़ देते हैं—जैसे कि किसी पड़ोसी के साथ मसीह के बारे में बातचीत में, एक माता-पिता द्वारा अपने बच्चे से माफी माँगने में जब उन्होंने अधीर होकर उनसे बात की, या किसी के लिए एक प्रार्थना करने में क्योंकि चिन्ता ने हमें सोने नहीं दिया। एक प्रकार से कहा जाए तो कटनी के लिए पके जौ के खेतों का दृश्य रूत और नाओमी के लिए बहुत साधारण दृश्य था—लेकिन वास्तव में यह उनके लिए परमेश्वर के प्रावधान की घोषणा कर रहा था। गलतियाँ हुई थीं और दुख उठाए गए थे, लेकिन जौ की फसल ने दिखाया कि परमेश्वर जानता है, परवाह करता है, सम्भालता है और प्रबन्ध करता है।

परमेश्वर बदला नहीं है। हालाँकि उसके पास सारी सृष्टि का ध्यान रखने की जिम्मेदारी है, तौभी वह अपनी नज़र आप पर और मुझ पर डालता है और कहता है, मैं तुम्हें जानता हूँ। तुम्हारा नाम मेरी हथेली पर लिखा है। और जैसे मैंने नाओमी और रूत का ध्यान रखा, वैसे ही मैं तुम्हारा भी ध्यान रख रहा हूँ (यशायाह 49:16 देखें)। परमेश्वर अपने बच्चों को सम्भाल रहा है और उनका मार्गदर्शन कर रहा है। इस ज्ञान को अपने दिल में शान्ति और सान्त्वना लाने दें—फिर चाहे दिन कितना भी साधारण क्यों न लगे।

भजन 139

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *