“अपने आप को परमेश्वर के प्रेम में बनाए रखो; और अनन्त जीवन के लिए हमारे प्रभु यीशु मसीह की दया की बाट जोहते रहो।” यहूदा 21
यद्यपि परमेश्वर आपको “ठोकर खाने से बचाने” और विश्वास में बने रहने में पूरी तरह सक्षम है (यहूदा 24), फिर भी वह आपको मसीही जीवन में आगे बढ़ने में सक्रिय भूमिका निभाने का, अर्थात् अपने आप को उसके प्रेम में बनाए रखने का बुलावा देता है।
हमारे जीवन में परमेश्वर के प्रेम का पीछा करना एक निरन्तर कार्य होना चाहिए। यही कारण है कि बाइबल में इसके बारे में इतना कुछ कहा गया है! विश्वास के मार्ग में हम निष्क्रिय नहीं रह सकते; हमारा विश्वास अपने आप दृढ़ नहीं होगा। तो फिर कौन सी विशिष्ट क्रियाएँ या दृष्टिकोण आपको परमेश्वर के प्रेम में बने रहने में सहायता करते हैं?
सबसे पहले, पवित्रशास्त्र हमें सिखाता है कि परमेश्वर के प्रति अपने प्रेम को बनाए रखने के लिए हमें सब पापों से निरन्तर घृणा करनी चाहिए (नीतिवचन 8:13; भजन संहिता 97:10; रोमियों 12:9 देखें)। यदि हम पाप के साथ खेलें, उसे बढ़ावा दें, या अपने आप को उसके प्रति आकर्षित होने दें, तो परमेश्वर के प्रति आपका प्रेम अनिवार्य रूप से घटने लगेगा। दूसरा, हम परमेश्वर के प्रति अपने प्रेम को उन विधियों में आनन्दित रहने के द्वारा बढ़ा सकते हैं, जो उसने कलीसिया को दी हैं। उदाहरण के लिए, यीशु ने प्रभु-भोज की स्थापना एक ऐसे माध्यम के रूप में की है जिसके द्वारा वह एक विशेष तरीके से हमसे मिलता है, उसने स्वयं को हमें दिखाया ताकि हम उसके प्रेम को जान सकें और उससे प्रेम भी कर सकें। यदि हम परमेश्वर के द्वारा स्थापित अनुग्रह के साधनों से स्वयं को अलग कर लेते हैं, तो हमारे लिए उसके साथ स्वस्थ सम्बन्ध बनाए रखना असम्भव हो जाता है।
तीसरा, हमें यह याद रखने की आवश्यकता है कि अपने आप को परमेश्वर के प्रेम में बनाए रखना न केवल एक व्यक्तिगत प्रयास है, बल्कि एक सामूहिक प्रयास भी है। हम मसीह के पास आते तो व्यक्तिगत रूप से हैं, किन्तु हम उसमें अकेले रहकर नहीं जीते। जीवित पत्थरों के समान हम एक आत्मिक घर में बनते जाते हैं, ताकि हम विश्वासी मिलकर पवित्र याजकों का एक समाज बन सकें (1 पतरस 2:5)। परमेश्वर से प्रेम करने वाले अन्य लोगों के साथ गहरी और सच्ची मित्रता बढ़ाना हमें परमेश्वर से प्रेम करने में सहायता करता है। सम्बन्ध कभी तटस्थ नहीं होते। यदि हम अपने विश्वास में बढ़ना चाहते हैं, तो हमें धर्मी मित्रों की संगति खोजनी चाहिए।
हमारा विश्वास में बढ़ना, क्रिया और जवाबदेही की माँग करता है किन्तु इसके लिए धैर्य की भी आवश्यकता होती है, क्योंकि हम “अनन्त जीवन के लिए हमारे प्रभु यीशु मसीह की दया की बाट जोहते हैं।” जबकि हम उत्सुकता से अपनी देह के छुटकारे और परमेश्वर के उद्देश्यों की पूर्ण पूर्णता की प्रतीक्षा कर रहे हैं (रोमियों 8:23), हमें अपने स्वर्गिक पिता के साथ एक गहरा और दृढ़ सम्बन्ध स्थापित करना है, पाप से फिरना है और दूसरों के साथ उनके वरदानों का आनन्द लेना है, जिनके पास एक नया स्वभाव है और जिनमें पवित्र आत्मा वास करता है।
इसलिए “डरते और काँपते हुए अपने-अपने उद्धार का कार्य पूरा करते जाओ; क्योंकि परमेश्वर ही है जो तुम में कार्य करता है” (फिलिप्पियों 2:12-13)। हम उद्धार पाने के लिए काम नहीं करते, बल्कि अपने जीवन के सभी क्षेत्रों में इस प्रकार कार्य करते हैं कि हम उद्धार पा चुके हैं। आपको कौन से पाप से लड़ना है? आपको गहरी मसीही मित्रता को किस प्रकार बढ़ावा देना है? अपने आप को परमेश्वर के प्रेम में बनाए रखें।
1 यूहन्ना 5:12-21